पंजाब के लुधियाना से राज्य सभा सांसद और हलका पश्चमी से उम्मीदवार संजीव अरोड़ा की निजी कार पर पंजाब पुलिस का स्टिकर लगने का विवाद गरमा गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और हलका पश्चमी से कांग्रेस के उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने राज्य सभा सदस्य संजीव अरोड़ा पर तंज कसा है। आशु ने लिखा-क्या प्रशासन लेगा एक्शन। आशु द्वारा जब इस पोस्ट को शेयर किया तो उनके समर्थकों ने काफी कमेंट्स भी किए। आशु द्वारा शेयर की गई पोस्ट में RTI एक्टिविस्ट ने सरकार से सवाल किया है-पंजाब में सत्ता का चौंकाने वाला दुरुपयोग। AAP सांसद और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के उम्मीदवार अपनी निजी कार पर पंजाब पुलिस के स्टिकर और बीकन का इस्तेमाल कर रहे है। यह स्कॉर्पियो कार ‘रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ के नाम पर पंजीकृत है, जहां AAP सांसद संजीव अरोड़ा प्रबंध निदेशक हैं। इस निजी कार को पुलिस पायलट वाहन के रूप में पेश किया जा रहा है, जो सत्ता का स्पष्ट दुरुपयोग है। पोस्ट में लिखा- आप पार्टी के नेता VVIP प्रोटोकॉल के आदी हैं, जो कानून और नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। सीएम भगवंत सिंह मान और डीजीपी पंजाब को लिखा-क्या आप उनके (संजीव अरोड़ा) खिलाफ कार्रवाई करेंगे या इस तरह के बड़े उल्लंघन पर चुप रहेंगे? पंजाब की कानून और व्यवस्था इस तरह के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं कर सकती, इन जैसे वाहनों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। जागो, पूछताछ करो और तुरंत कार्रवाई करो। इस मामले संबंधी सांसद संजीव अरोड़ा से बात करने चाही लेकिन उनसे संपर्क नहीं हुआ। अरोड़ा के मीडिया प्रवक्ता मनोज ने कहा कि इस मामले संबंधी वह सांसद अरोड़ा से बात करके पक्ष सांझा करेंगे।


