कार-लोडिंग टेंपो की भिड़ंत, 3 दोस्तों की मौत:गाड़ी के परखच्चे उड़े; गेट खुलने से उछलकर बाहर गिरे; कहा था- थोड़ी देर में लौट आएंगे

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में कार और लोडिंग टेंपो की भिड़ंत में 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। भीषण हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार के गेट खुलने से अंदर बैठे लोग उछलकर बाहर गिर गए। हादसे में मरने वाले एक युवक ने अपने घर पर कहा था कि वह अपने दोस्तों के साथ सूरतगढ़ किसी काम से जा रहा है, थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। हेड कॉन्स्टेबल चेतराम ने बताया- श्रीगंगानगर-बीकानेर नेशनल हाईवे-62 पर मौजगढ़ गांव के पास शनिवार को दोपहर करीब 3.30 बजे हादसा हुआ। लोडिंग टेंपो और कार में भिड़ंत हो गई थी। हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हादसे में आर्यन (18) पुत्र रणजीत जाट निवासी सिद्धूवाला, रोहताश (26) पुत्र किशन लाल जाट निवासी सिद्धूवाला और पवन (20) पुत्र सीताराम कुम्हार निवासी 28 पीबीएन की मौत हो गई, जबकि हेमंत (21) पुत्र लालचंद निवासी सिद्धूवाला, अभिषेक (30) पुत्र विजय बिश्नोई निवासी सिद्धूवाला और लोडिंग टेंपो सवार राजवीर (22) पुत्र हरिराम निवासी मुंदडिया (हनुमानगढ़) घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जबकि शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद हेमंत और अभिषेक को हायर सेंटर श्रीगंगानगर रेफर कर दिया, जबकि राजवीर को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। कार लेकर सूरतगढ़ जा रहे थे सभी दोस्त
हेड कॉन्स्टेबल ने बताया- हादसे को लेकर सिद्धूवाला गांव निवासी राजेंद्र पुत्र साहब राम जाट ने मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया- मेरे भाई रणजीत का बेटा आर्यन गांव के अभिषेक बिश्नोई की अल्टो कार से 30 किलोमीटर दूर सूरतगढ़ जा रहा था। उसके साथ में गांव का रोहताश जाट और हेमंत जाट भी थे। रास्ते में 28 पीबीएन गांव से इनका दोस्त पवन कुम्हार भी बैठा था। आर्यन ने अपने घर पर कहा था कि वह अपने दोस्तों के साथ सूरतगढ़ किसी काम से जा रहा है, थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। दोपहर करीब 3.30 बजे सूरतगढ़ से करीब 6 किलोमीटर पहले मौजगढ़ गांव में बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे लोडिंग टेंपो ने कार को टक्कर मार दी। टेंपो ड्राइवर फरार, साथी घायल
हेड कॉन्स्टेबल चेतराम ने बताया- हादसे के बाद लोडिंग टेंपो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जबकि टेंपो में सवार ड्राइवर के साथी राजवीर सिंह को मामूली चोट आई हैं। फिलहाल इस बारे में दिए गए परिवाद के आधार पर मामला दर्ज किया है और तीनों शव पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। परिवार का इकलौता बेटा था आर्यन
आर्यन परिवार का इकलौता बेटा था। वह सूरतगढ़ में कॉलेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता किसान और मां गृहिणी हैं। वहीं रोहताश बीए की पढ़ाई के बाद अब पंजाब के कॉलेज से बीपीएड कर रहा था। उसके पिता और बड़ा भाई खेती करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। ———— ये खबर भी पढ़िए… 2 ट्रॉलो में लगी आग, 3 जिंदा जले: भिड़ंत के बाद हुआ धमाका, हनुमानगढ़ में धन्नासर गांव के पास मेगा हाईवे पर हादसा हनुमानगढ़ में आमने-सामने की टक्कर के बाद दो ट्रॉलों में आग लग गई। इससे ट्रॉलों में सवार 3 लोग जिंदा जल गए। हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे रावतसर थाना क्षेत्र के धन्नासर गांव के पास रावतसर-सरदार शहर मेगा हाईवे पर हुआ। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *