जयपुर-बांदीकुर्ई एक्सप्रेस-वे को बने एक माह हो गया, लेकिन कोलवा में रेलवे ओवरब्रिज का एक तरफ का काम अधूरा है। इससे वाहन चालकों को अब यहां से निकलने के लिए एक माह और इंतजार करना पड़ेगा। इसका केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से विधिवत लोकार्पण करवाने की तैयारियां की जा रही है। इसके बाद ही टोल शुरू किया जाएगा। मामले को लेकर एनएचएआई अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सुरक्षा मापदंडों को ध्यान में रखते हुए आरओबी को पूरा होने तक यातायात शुरू नहीं करने का फैसला लिया गया है। एनएचएआई के दौसा पीडी बलवीर सिंह यादव का कहना है कि एक तरफ के आरओबी को पूरा कर दिया गया, जबकि दूसरी लेन के आरओबी को पूरा करने का काम तेजी से किया जा रहा है। 300 मीटर तक में काम अटका कोलवा में आरओबी के जयपुर की तरफ आने वाली लेन के बाकी बचे स्पान को रखने के लिए मशीनों व क्रेनों को स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। इसे जल्द ही पूरा कर दिल्ली-मुंबई हाईवे की तरफ जाने वाली लेन से मशीनरी को हटा दिया जाएगा। इसके बाद करीब 500 मीटर तक सड़क बनाकर इसे खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसलिए हुई 6 माह की देरी इस हाईवे को पूरा कर नवम्बर 2024 में यातायात शुरू करना था, लेकिन आगरा रोड बगराना में क्लोवरलीफ के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य देरी हुई। इसके बाद रेलवे ब्रिज पर स्पान रखने की अनुमति नहीं मिलने के कारण हाईवे के कार्य पूरा होने में 6 माह की देरी हुई। अब भी आरओबी पर स्पान रखने के लिए रेलवे से ब्लॉक मिलने पर ही रखा जा सकेगा। इसके लिए प्रतिदिन अलग-अलग समय पर 2 घंटे का ब्लॉक मांगा जा रहा है। दुपहिया वाहनों को अनुमति नहीं दुपहिया वाहनों को एक्सप्रेस हाईवे पर चलने की अनुमति नहीं होगी। एक्सप्रेस-वे पर दोनों तरफ वाहनों की गति, रोड पर घुमाव, सुरक्षा दीवार बनाने के साथ ट्रैफिक नियमों के बोर्ड लगा दिए गए हैं। कार के लिए एक्सप्रेस-वे पर अधिकतम 120 की गति रखी गई है। वहीं, बड़े वाहनों बस, ट्रकों के लिए गति 80 रखी गई है। अवैध कट से आवाजाही शुरू कर दी बांदीकुई से जयपुर बगराना तक 67 किमी हाईवे को पूरा होने पर लोगों ने आवाजाही शुरू कर दी। लोग अपने वाहनों को अवैध रास्तों से लेकर जाने लग गए। हालांकि निर्माण कंपनी ने मुख्य रास्तों को मिट्टी व बेरिकेड्स लगाकर बंद कर रखा है। इसके बावजूद नायला इंटर चेंज से लेकर बांदीकुई इंटरचेंज तक हाईवे खुला होने से वाहनों की आवाजाही हो रही है। 3 स्थानों पर बनाए गए है क्लोवरलीफ आगरा रोड पर बगराना , मनोहरपुर-दौसा हाईवे औैर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर क्लोवर लीफ बनाने का कार्य पूरा कर दिया गया है। इसी के चलते ट्रैफिक लोगों के लिए जयपुर -बांदीकुई हाईवे पर चढ़ना आसान हो गया। इसके अलावा कानोता-नायला, धूलारावजी-जमवारामगढ़, दौसा-सैंथल और खड़का-बांदीकुई पर इंटरचेंज बनाए गए हैं।


