पंजाब में फरीदकोट के फिरोजपुर रोड स्थित नानकसर बस्ती में रविवार दोपहर एक मजदूर परिवार की झुग्गी में अचानक आग लग गई। तीन हिस्से में बनी इस झुग्गी के एक हिस्से में परिवार के बच्चों द्वारा खाना बनाया जा रहा था जिसकी वजह से आग लगी और देखते ही देखते सारी झुग्गी चपेट में आ गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को भी बुलाया गया। ग्रामीणों की मदद से फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक परिवार का सारा सामान जलकर राख हो गया था। पीड़ित राम नरेश और उसका परिवार पिछले लंबे समय से मेहनत मजदूरी करता है और गांव में झुग्गियां बनाकर रहता है। सरकार और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार इस मामले परिवार के मुखिया राम नरेश ने बताया कि आग में उनके घर का सारा सामान ,बच्चों के कपड़े, बिस्तर, पंखे, चूल्हे समेत सभी घरेलू सामान जल गया। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने भोजन के लिए गेहूं भी इकट्ठा किया था, वह भी जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार समेत ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।


