भरतपुर में सड़क पर 2 फीट ऊंचा ब्रेकर बना दिया गया। रविवार सुबह 8.30 बजे एक ट्रेलर इस ब्रेकर से गुजरा तो उसका डीजल टैंक ब्रेकर से टकराकर फट गया। सारा डीजल रोड पर फैल गया। ड्राइवर हिम्मत दिखाते हुए ट्रेलर को उसी हालत में 5 किमी दूर रीको इंडस्ट्रियल एरिया के आगे भवनपुरा गांव ले गया। एक चिन्गारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। घटना भरतपुर के कोतवाली थाना इलाके में नई अनाज मंडी एरिया में श्मशान घाट के पास हुई। यहां बने ऊंचे ब्रेकर से गुजरते वक्त ट्रेलर का डीजल टैंक फट गया। रोड पर डीजल बहने लगा। आसपास से गाड़ियां गुजरती रही। ड्राइवर ट्रेलर को नई अनाज मंडी से रीको एरिया तक ले गया। इस दौरान ट्रेलर से डीजल बहता रहा। जरा सी चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता था। ड्राइवर राजकुमार निवासी जघीना ने बताया- रविवार सुबह मैं रीको इंडस्ट्रियल एरिया से प्रवीण बंसल की टिन बॉक्स फैक्ट्री से ट्रेलर में टिन के पीपे लोड कर मुरैना (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हुआ था। नई अनाज मंडी श्मशान घाट के पास पहुंचा तो ऊंचा ब्रेकर पार करते समय डीजल टैंक ब्रेकर से टकराकर फट गया। घटना के बाद मैंने प्रवीण बंसल को फोन किया। उन्होंने कहा कि ट्रेलर को वहां से हटाकर कही दूर ले जाओ। इसके बाद राजकुमार ट्रेलर को बैक कर 5 किलोमीटर दूर रीको इंडस्ट्रीज एरिया से आगे भवनपुरा गांव ले गया और ट्रेलर को खड़ा कर दिया। राजकुमार ने बताया कि टैंक 360 लीटर का था। सारा डीजल रोड पर फैल गया।


