भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिले के तीन आम सेंटरों को भारत सरकार के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत मान्यता मिली। ये सेंटर सिउलीबाड़ी, शहडाल और चंद्रदीपा हैं। मान्यता मिलने पर सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन ने तीनों सेंटरों के सीएचओ को मोमेंटो ऑफ एक्सीलेंस देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों आम सेंटरों को नेशनल क्वालिटी स्टैंडर्ड का सर्टिफिकेट दिलाना है। पहले चरण में तीन सेंटरों को शामिल किया गया है। तीनों सेंटर भारत सरकार के तय मानकों को पूरा करते हैं। यहां मरीजों को सभी तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉक्टर निलेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक लागू किया है। यह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा स्थापित ढांचा है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उसे बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में डीपीएम रणधीर शर्मा, सीएचओ मोहनी मुर्मू, निधि सिंह, किरण कुमारी, एएनएम और सहिया सहित कई लोग मौजूद रहे।


