जिला स्कूल लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

भास्कर न्यूज | दुमका जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में ए टीन क्रिकेट स्टेडियम में रविवार से प्रशांत मुखर्जी स्कूली क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक विजय कुमार हेंब्रोम ने किया। जिला शिक्षा अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय लिया। शुभकामनाएं दीं और अच्छा खेलने के लिए प्रेरित किया। मैच शुरू होने से पहले सिद्धू कान्हू उच्च विद्यालय की विद्यालय प्रबंधक रोडोसी मुखर्जी ने प्रशांत मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डाला। बताया कि ब्रिटिश शासन के समय डीएसपी की नौकरी छोड़कर वे रसिया गए। वहां से किंडरगार्टन का कॉन्सेप्ट लेकर लौटे। दुमका में किंडरगार्टन स्कूल की स्थापना की। उनका जीवन बच्चों को अच्छी और स्तरीय शिक्षा देने के नए प्रयोगों में बीता। जिला क्रिकेट संघ दुमका के सचिव भास्कर अजीत सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। कहा कि खेल में भी करियर बनाया जा सकता है। आज क्रिकेट जैसे खेल में अच्छा प्रदर्शन करने पर कई रास्ते खुलते हैं। प्रीमियर लीगों में खेलकर करियर बनाया जा सकता है। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और अच्छा खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उद्घाटन मैच प्लस टू जिला स्कूल और सेक्रेड हार्ट स्कूल के बीच खेला गया। सेक्रेड हार्ट स्कूल ने प्लस टू जिला स्कूल को 99 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेक्रेड हार्ट स्कूल ने तीन विकेट पर 202 रन बनाए। प्रत्यूष अर्नाल्ड टुडू ने 40 गेंदों में 16 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 79 रन बनाए। संतोष मरांडी ने 46 और आयुष कुमार ने 21 रन जोड़े। जिला स्कूल की ओर से नीरज, सिद्धार्थ और रुद्र ने एक-एक विकेट लिया। जवाबी पारी में जिला स्कूल की पूरी टीम 18.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। ओम ने 14, अनुराग ने 18, दीपक ने 12 और सागर ने 11 रन बनाए। सेक्रेड हार्ट स्कूल की ओर से हिमांशु राज ने चार और अमर कुमार ने दो विकेट लिए। मैच से पहले स्वर्गीय प्रशांत मुखर्जी और पहलगाम में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। स्वर्गीय प्रशांत मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर सिद्धू कान्हू स्कूल की विद्यालय प्रबंधक रोडोसी मुखर्जी ने स्वर्गीय प्रशांत मुखर्जी के देश और जिला स्तर पर किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संजय तिवारी, सचिव भास्कर अजीत सिंह, संयुक्त सचिव उमेश कुमार रावत, नसीम खान सहित संघ के सभी सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *