परहेरिया में हाथियों के उत्पात में बर्बाद तरबूज की खेती। भास्कर न्यूज|कटकमदाग प्रखंड के ढेंगुरा पंचायत के ललकी परहेरिया गांव में हाथियों के झुंड ने शनिवार की रात जमकर उत्पात मचाया। कई किसानों के फसलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसमें सबसे अधिक नुकसान किसान विकास कुमार दांगी को हुआ है। विकास के टांड में करीब 8 एकड़ में लगे तरबूज की खेती व 4 एकड़ में लगे टमाटर की खेती को हाथियों की झुंड ने बर्बाद कर दिया। किसान विकास ने बताया कि जमीन लीज पर लिया है और कर्ज लेकर उन्होंने तरबूज और टमाटर की फसल लगाई थी। जिसमें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने वन विभाग व सरकार से खेती में हुए नुकसान की भरपाई करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने बताया कि परहेरिया व आस-पास गांवों के जंगलों में हाथियों का झुंड पिछले चार-पांच दिनों से जमे हुए है। झुंड में 9 हाथी हैं, जिसमें तीन छोटे बच्चे हैं। प्रखंड क्षेत्र के जंगलों में हाथियों के भ्रमण से ग्रामीण दहशत में है। दो दिन पूर्व हाथियों के झुंड ने बानादाग गांव के किनारे लगे दर्जनभर किसानों के सब्जी की फसल को क्षतिग्रस्त कर दिया था। रात में वन विभाग की टीम पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर भगाया था। जंगलों में हाथियों के जमे होने से कुसुम्भा, बेस, ढेंगुरा व पसई पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण दहशत में हैं।


