नवंबर से शुरू होगा काम:आमानाका, कबीरनगर, तेलघानीनाका, कचना में बनेंगे अंडरब्रिज; बजट मिला

राजधानी के यातायात को आसान बनाने के लिए रेलवे और पीडब्ल्यूडी ने दो-दो अंडरब्रिज बनाने की घोषणा की है। आमानाका कबीरनगर, कचना, वीआईपी स्टेट और रेलवे स्टेशन के पास राजपूताना होटल से तेलघानी नाका ओवरब्रिज के पास अंडरब्रिज बनाने का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। 80 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल गई है। नवंबर से काम शुरू होगा और डेढ़ साल के भीतर अंडरब्रिज का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन चारों अंडरब्रिज के बनने से लोगों को जाम और क्रासिंग में फंसने से राहत मिलेगी। स्टेशन के पास बनने वाले अंडरब्रिज से लोग तेलघानी नाका से सीधे प्लेटफार्म नंबर-7 में पहुंचेंगे। स्टेशन पर अभी प्लेटफार्म नंबर-7 में पहुंचने के लिए यात्रियों को भीड़ वाली रोड से गुजरना पड़ता है। रेलवे ने जो डिजाइन तैयार किया है, उसके अनुसार तेलघानी नाका ओवरब्रिज के पास से अंडरब्रिज बनाया जाएगा। प्लेटफार्म नंबर-7 में जाने वाले यात्री यहां से सीधे पहुंच सकेंगे। उन्हें कहीं रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी यात्री या तो मुख्य प्रवेश द्वार से एंट्री के बाद स्टेशन के अंदर फुट ओवरब्रिज से प्लेटफार्म नंबर-7 जाते हैं या गुढ़ियारी के सेंकेंड एंट्री गेट का उपयोग करते हैं। दोनों रास्ते से यात्रियों को परेशानी होती है। ये दिक्कत दूर हो जाएगी। पांच साल पहले बनी 3 किमी की फोरलेन अब जीई रोड से जुड़ेगी
आमानाका कबीरनगर में रिंग रोड को जीई रोड से जोड़ने वाली करीब 3 किमी लंबी सड़क पांच साल पहले बन चुकी है। रेलवे क्रासिंग पर इसका काम रोक दिया गया था। इस वजह से ये जीई रोड से नहीं जुड़ पा रही थी। इससे फोरलेन रोड का उपयोग ही नहीं हो रहा था। अब आमानाका में मीडिया सिटी के पास अंडरब्रिज बनने से ये फोरलेन जीई रोड से जुड़ जाएगी। इससे एक बड़ी आबादी को जाम से राहत मिलेगी। कचना अंडरब्रिज के निर्माण की योजना 5 साल से थी अटकी
रेलवे ने कचना अंडरब्रिज के निर्माण की योजना करीब पांच साल पहले बनायी थी। भूमिपूजन भी हो गया था लेकिन अचानक इस पर ब्रेक लगा दिया गया था। रेलवे अब इसका निर्माण गति शक्ति योजना के तहत करेगा। वाल्टेयर लाइन पर स्थित खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रासिंग पर एक दिन में करीब 150 से 170 ट्रेनें मालगाड़ी और यात्री गाड़ी गुजरती हैं। ट्रेन के गुजरने के पांच मिनट पहले रेलवे क्रासिंग को बंद कर दिया जाता है। पटरी पार करने में यात्रियों को 15 मिनट तक का समय लग जाता है। अंडरब्रिज बनने से ये समस्या दूर होगी। वीआईपी स्टेट से अभी वाल्टेयर रेल लाइन गुजरती है। यहां अंडरब्रिज बनने से रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लोगों को रूकना नहीं पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *