छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरों ने पुलिस कांस्टेबलों के घरों को भी निशाना बना डाला। एक मकान का ताला तोड़कर चोर 5 लाख 84 हजार रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं, दूसरे कॉन्स्टेबल के घर चोरी की कोशिश मोहल्ले वालों की सजगता से नाकाम हो गई। दोनों मामलों में बालोद थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार के साथ सगाई में शामिल होने गए थे रायपुर पहली घटना रक्षित केंद्र बालोद में पदस्थ आरक्षक चालक चन्द्रभान सिंह के मकान की है। 26 अप्रैल को चन्द्रभान अपने परिवार के साथ रायपुर सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। जब वे लौटे तो देखा कि घर के चैनल गेट और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच में सामने आया कि चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 5 लाख 84 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामानों में सोने की बालियां, अंगूठियां, झुमका, चेन, मंगलसूत्र, लॉकेट, कंगन, रानी हार और चांदी की पायल व बिछिया शामिल हैं। मोहल्ले वालों की सजगता से बच गई दूसरी वारदात दूसरी घटना आदित्य नगर, झलमला की है। यहां थाना डौंडी में पदस्थ आरक्षक पवन ठाकुर अपने परिवार सहित 24 अप्रैल को डौंडी गए थे। 27 अप्रैल की रात करीब 2:45 बजे मोहल्लेवासी पुरुषोत्तम कोचेन्द्र ने चोरों की संदिग्ध हरकत देख ली और तुरंत अन्य लोगों को सूचित किया। मोहल्ले वालों की सक्रियता से चोर भाग निकला। हालांकि, दरवाजे और आलमारी के ताले टूटे मिले। सौभाग्य से इस मकान से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। बालोद थाना में दर्ज किया मामला, सीसीटीवी खंगाले जा रहे घटना की रिपोर्ट पर बालोद थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। वहीं, आरक्षक पवन ठाकुर ने 28 अप्रैल को सुबह बालोद थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस मामले में भी पुलिस ने बीएनएस की धारा 305, 331(4) और 62 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। एसडीओपी राठौर बोले – जल्द होगी गिरफ्तारी मामले पर एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और लगातार दबिश दी जा रही है।


