जयपुर पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन को अरेस्ट किया है। लुटेरी दुल्हन ने मैरिज ऐप के जरिए एक नामी ज्वैलर से शादी की थी। शादी के बाद घर से लाखों रुपए के गहने-कैश लेकर भाग गई थी। देहरादून में ज्वैलर पति व उसके परिवार के खिलाफ केस दर्ज करवा ब्लैकमेल करने में लगी थी। मुरलीपुरा थाना पुलिस की टीम ने लुटेरी दुल्हन को उत्तराखण्ड में दबिश देकर पकड़ा है। पुलिस जांच में पूर्व में एक बिजनेसमैन और सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शादी कर गहने-कैश लेकर भागना। उनके खिलाफ केस दर्ज करवाकर जेल भेजकर ब्लैकमेल कर 85 लाख रुपए ऐंठना सामने आया है। पुलिस पूछताछ में इसी तरह के अन्य मामलों के खुलासे की संभावना जताई गई है। DCP (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- मामले में देहरादुन उत्तराखण्ड निवासी लुटेरी दुल्हन (36) को अरेस्ट किया है। जुलाई-2023 में दर्ज केस में पुलिस टीम ने जांच के बाद लुटेरी दुल्हन की तलाश की। मुरलीपुरा थाने की स्पेशल टीम बनाकर उत्तराखण्ड भेजा गया। पुलिस टीम ने उत्तराखण्ड में उसके घर पर दबिश देकर लुटेरी दुल्हन को धर-दबोचा। उत्तराखण्ड से जयपुर लेकर आई लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने रविवार को अरेस्ट कर लिया। ऐप के जरिए कॉन्टैक्ट, सहमति पर शादी
झोटवाड़ा निवासी नामी ज्वैलर्स ने 29 जुलाई 2023 को मामला दर्ज करवाया। उनकी पहली पत्नी की मौत हो जाने के कारण घर पर छोटे बच्चों की देखरेख व जीवनसाथी के लिए मोबाइल ऐप जीवन साथी डॉट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कर दिया। ऐप के जरिए नीलम अग्रवाल (बदला हुआ नाम) से कॉन्टैक्ट हुआ। उससे मिलने लिए देहरादून गए। सहमति के बाद फरवरी-2023 में मानसरोवर में शादी हो गई। गहने-कैश लेकर भाग निकली
पत्नी नीलम अग्रवाल ने ससुराल आकर घरवालों का विश्वास जीत लिया। जुलाई-2023 में अलमारी में रखे करीब 30 लाख के गहने व 6.50 लाख कैश और कीमती सामान समेट कर चुपचाप गायब हो गई। मुरलीपुरा थाने में पीड़ित ज्वैलर ने पत्नी नीलम के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। बिजनेसमैन से वसूले 75 लाख रुपए
जांच में सामने आया कि नीलम देहरादून उत्तराखण्ड की रहने वाली है। साल-2013 में आगरा निवासी बिजनेसमैंन के बेटे के साथ शादी की थी। कुछ दिन बाद ही उसके खिलाफ टॉर्चर का केस दर्ज करवा दिया। जिसमें राजीनामा के नाम पर 75 लाख रुपए वसूल किए गए। सॉफ्टेवयर इंजीनियर को लूटा
साल-2017 में गुरुग्राम निवासी सॉफ्टेवयर इंजीनियर से शादी की। कुछ समय बाद ही अननेचुरल सेक्स व ममेरे देवर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया। संगीन धाराओं में दर्ज करवाए मामले में 10 लाख रुपए वसूल किए। अब ज्वैलर की थी बारी
झोटवाड़ा निवासी ज्वैलर से शादी कर घरवालों का विश्वास जीता। घर से गहने-कैश चोरी कर फरार हो गई। प्लानिंग के तहत देहरादून जाकर ज्वैलर पति के खिलाफ अननेचुरल सेक्स और पूरे परिवार के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। परिवार को टॉर्चर कर ऐंठती रुपए
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नीलम जीवनसाथी डॉट कॉम पर विदुर या तलाकशुदा बिजनेसमैन अग्रवाल समाज का रईस/अमीर पैसे वाला लड़का देखती है। उससे कॉन्टैक्ट कर पहले बिजनेस और अन्य सम्पूर्ण जानकारी इकट्ठा करके शादी करती है। तीन-चार महीने में परिवार का विश्वास जीतकर घर से गहने-कैश और कीमती सामान समेटकर गायब हो जाती। उसके बाद पति के खिलाफ अननेचुरल सेक्स और परिवार के पुरुष सदस्यों के खिलाफ रेप-छेड़छाड़ का केस दर्ज करवाती। परिवार को अवसाद में लोकर ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठती। पूर्व के दो मामलों में बिजनेसमैन और सॉफ्टवेयर इंजीनियर को फंसाकर जेल भिजवा चुकी है। पूछताछ में इसी तरह की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।


