CM योगी ने सुनीं 300 लोगों की फरियाद:जनता दर्शन में बोले-भू-माफियाओं पर लें कड़ा एक्शन, पैसों की कमी से न रुके किसी का इलाज

दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। इस दौरान दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर आए लोगों की सीएम ने फरियाद सुनी और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में करीब 300 लोग फरियाद लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री एक-एक कर सभी के पास गए और इत्मीनान से उनकी समस्या सुनीं। सीएम ने फरियादियों के प्रार्थना पत्र लेकर वहां मौजूद अधिकारियों को सौंपा और साथ ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। भू-माफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश
हर बार की तरह इस बार भी जनता दर्शन में पुलिस और जमीनी विवाद से जुड़े मामले अधिक देखने को मिले। इसपर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी गरीब जमीन और मकान किसी भी हालत में कब्जा न होने पाए। उन्होंने भू-माफियाओं पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पैसों की कमी से नहीं रुकेगा किसी का इलाज
इसके अलावा जनता दर्शन में पहुंचे कई लोगों ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अपने परिजनों के इलाज के लिए मदद मांगी। जिसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसों के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकना चाहिए। आप लोग अस्पताल से इलाज के खर्च का इस्टीमेट बनवाकर दीजिए, जो भी खर्च आएगा वो सरकार देगी। सीएम ने की गोसेवा
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह नित्य कर्म के बाद सबसे पहले गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन किया। साथ ही अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेक उनका आशीर्वाद लिया। फिर सीएम मंदिर भ्रमण पर निकल गए। इस दौरान वे गोरखनाथ मंदिर स्थित गोशाला पहुंचे और यहां उन्होंने गोसेवा की। इसके अलावा उन्होंने भीम सरोवर में बत्तखों को दाना खिलाया, साथ ही अपने कुत्तों को भी बिस्किट खिलाकर उन्हें भी दुलारा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *