अमृतसर| पहलगाम कश्मीर में निर्दोष और निहत्थे लोगों पर बहुत ही संदिग्ध परिस्थितियों में किए गए क्रूर और कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले के खिलाफ यहां भंडारी पुल पर कीर्ति किसान यूनियन ने रोष जताया। नेता जतिंदर सिंह छीना, सतनाम सिंह झंडेर, हरदीप कौर कोटला, मेजर सिंह कड़ियाल, सुखदेव सिंह सहंसरा ने कहा कि यह हमला बहुत ही संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है, इसलिए इस हमले की एक निष्पक्ष एजेंसी द्वारा उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बहुत चौंकाने वाला है कि कश्मीर जैसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में पहलगाम के बेसरन जैसे अति संवेदनशील और दूरदराज के पर्यटन केंद्र को सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया।


