नशे के खिलाफ सकारात्मक नतीजे मिल रहे, नशा मुक्ति केंद्रों में 5 हजार बेड बढ़ाएंगे : हेल्थ मिनिस्टर

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए गठित 5 सदस्यीय समिति के सदस्य व हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह सोमवार को अमृतसर पहुंचे और ओट केंद्रों की जांच की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ नशे के मुद्दे पर बैठक की। हेल्थ मिनिस्टर ने कहा कि पंजाब में नशा मुक्ति के लिए शुरू की गई मुहिम के सकारात्मक नतीजे मिल रहे हैं। लोग नशा छोड़ने के लिए आगे आ रहे हैं, जिसके मद्देनजर नशा मुक्ति केंद्रों में 5 हजार बेडों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को नशीली गोलियां बेचने वाले दवा विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। मंत्री ने मानसून में होने वाली बीमारियों का जायजा लेते हुए अमृतसर के छेहर्टा इलाके पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश दिए। इस साल सेहत विभाग मानसून सीजन में होने वाली बीमारियों के उपचार के लिए पंजाब के 65 लाख घरों में दस्तक देगा। जहां लोगों को बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने नशे के खिलाफ जंग को जिले में मिल रहे रिस्पांस पर संतोष जताया और मांग की कि नशा करते पकड़े जाने वाले व्यक्ति को तुरंत नशामुक्त केंद्रों में या नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जाए और इसके लिए सारे प्रबंध किए जाएं। उन्होंने जिले में इस अभियान के तहत अब तक की गई कार्रवाई के लिए जिला अधिकारियों की सराहना भी की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर, जसविंदर सिंह रमदास, जसबीर सिंह संधू, डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, जिला पुलिस प्रमुख मनिंदर सिंह, नशा मुक्ति मोर्चा की माझा कोआर्डिनेटर सोनिया मान सहित विभागों के सीनियर अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *