बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़:सात सीटों वाली गाड़ी में बिठा रखे थे 15 स्कूली बच्चे

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार और ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी ने सोमवार को अभियान चलाकर स्कूली वैन की जांच की। इस क्रम में पाया गया कि स्कूल वैन व ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा है। वैन को रोका गया। पुरानी हाईकोर्ट बिल्डिंग और जगन्नाथपुर थाने के पास ट्रैफिक पुलिस ने उनके कागजात जांचे। इसके अलावा लालपुर इलाके में भी स्कूली वाहनों की जांच की गई। 134 गाड़ियों की जांच में 40 से ज्यादा वैन में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। चेकिंग के दौरान जब पुलिस के जवानों ने वहां पहुंची सभी स्कूली वैन को रोका तो चालकों के होश उड़ गए। 7 सीटों वाली गाड़ी में 15 से अधिक बच्चे बैठे मिले। वैन में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। ट्रैफिक डीएसपी व डीटीओ ने जब चालक को टोका तो उसने भी अपनी गलती स्वीकार की। पदाधिकारियों के समक्ष चालकों ने छोड़ देने की गुहार लगाते हुए आगे से हमेशा नियम का पालन करने की बात कही। मानकों के अनुरूप स्कूल वैन चलाने का निर्देश, सभी कागजात रखना अनिवार्य
वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि उन्हें मानकों के अनुरूप स्कूली वैन चलाने होंगे। नियम का उल्लंघन करते पाए गए तो कार्रवाई तय है। इसके अलावा सभी स्कूली वैन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि ​िफटनेश, इंश्योरेंस के अलावा प्रदूषण प्रमाण पत्र आैर परमिट समेत अन्य सभी जरूरी कागजात अपने साथ रखें। नियम के अनुरूप वैन का परिचालन नहीं किया तो गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई होगी। डीटीओ ने कहा… बर्दाश्त नहीं की जा सकती बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अखिलेश कुमार ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। स्कूली वैन को हर हाल में नियमों का पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले तो गाड़ियां जब्त की जाएंगी। पुलिस के साथ मिलकर लगातार अभियान चलाया जाएगा और नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वैन को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। डीटीओ ने बच्चों के अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे भी बच्चों की सुरक्षा का ख्याल रखें। वैन की जांच करते रहें। अधिकारियों ने चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा, कहा- हमेशा नियमों का पालन करें
डीटीओ और डीएसपी ने वैन चालकों को वार्निंग देते हुए नियमों का पालन करने का आदेश दिया। बच्चों के बैठे होने की वजह से गाड़ी जब्त नहीं की गई। हालांकि डीटीओ के आदेश पर गाड़ियों की पूरी डिटेल ली गई, ताकि उन्हें नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जा सके। कई वाहन चालकों को स्पॉट पर ही नोटिस थमाया गया है और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। डीटीओ ने आज से वैसे सभी वैन को जब्त करने का प्लान तैयार किया है, जो क्षमता से अधिक बच्चों को स्कूल वैन में बैठाते पकड़े जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *