बाइक सवार दो दोस्तों की कार से टक्कर, 1 की मौत

भास्कर न्यूज |लुधियाना लाडोवाल पुलिस थाने के समीप हुए सड़क हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित (पुत्र राजेश), निवासी अजीत नगर, मोहाली के रूप में हुई है। हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हुआ है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और धीमी कार्रवाई का आरोप लगाया है। हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब अंकित अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक लाडोवाल पुलिस चौकी के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार वाहन बाइक के पास से निकला। जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को देर रात सिविल अस्पताल ले जाया गया। मृतक के पिता राजेश प्रसाद और मौसा राजू कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जांच के नाम पर जानबूझकर पोस्टमार्टम में देरी की। उनका कहना है कि अधिकारी पहले तो दिनभर जांच का हवाला देते रहे और शव नहीं सौंपा। जब परिजनों ने दबाव बनाया, तो जांच अधिकारी ने कहा कि यदि मामला दर्ज हुआ तो शव तीन दिन बाद मिलेगा। वहीं, इस संबंध में लाडोवाल थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरशिंदर कौर ने कहा कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। हादसे के कारणों को स्पष्ट करने के लिए कुछ समय की आवश्यकता थी, इसी वजह से पोस्टमार्टम में देरी हुई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *