लुधियाना| नगर निगम में भ्रष्टाचार के विरोध में कुमार गौरव ने डी-जोन के बाहर झाड़ू लगाकर अनूठा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री, विधायक शहर में झाड़ू लगा रहे हैं जबकि असलियत में झाड़ू लगाने की जरूरत निगम की ब्रांचों में है। ताकि भ्रष्टाचार समाप्त हो सके। सोमवार को कुमार गौरव ने डी-जोन के बाहर झाड़ू लगाया। उन्होंने कहा कि निगम में बीएंडआर ब्रांच में भ्रष्टाचार के लगातार सामने आ रहे हैं लेकिन इन भ्रष्टाचार के मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में निगम के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजय कंवर की गिरफ्तारी से यह खुलासा हुआ है कि निगम में टेंडर देने में कमीशन का खेल चल रहा है। भास्कर न्यूज | लुधियाना भाजपा पार्षदों ने निगम प्रबंधन पर उपेक्षा का आरोप लगाकर जोन बी का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। पार्षदों ने भीख मांगकर अनोखा प्रदर्शन कर आप सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि निगम मेयर और अफसर विपक्षी पार्षदों के वार्डों की अनदेखी कर रहे हैं। सोमवार को भाजपा नेता जतिंदर गोरियान, दीपक झा, सौरव सिंह, भूपकुमार, दिनेश पासी, काउंसलर गौरा ने जोन बी का घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान निगम नेता विपक्ष पूनम रतड़ा, उपनेता रोहित सिक्का, मुकेश खत्री, इंद्र अग्रवाल,पिंकू शर्मा आदि ने समर्थन देकर निगम की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। जतिंदर रोहित ने कहा कि वार्ड 17 में सीवरलाइन की सफाई के लिए सुपरसक्शन की मांग की गई थी लेकिन चार महीने से निगम के अफसर टालमटोल कर रहे हैं। कहा कि आप के पार्षदों व विधायकों के कहने पर निगम प्रशासन काम कर रहा है जबकि भाजपा पार्षदों के वार्डों की उपेक्षा की जा रही है। कहा कि वार्डों में डेवलपमेंट के काम नहीं हो रहे हैं। वार्ड में कागजों में 18 सफाई कर्मचारियों की तैनाती है जबकि मौके पर सिर्फ 5 आते हैं। कहा कि शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। उपनेता रोहित सिक्का ने कहा कि आप विधायकों के कहने पर स्ट्रीट लाइट लग रही हैं जबकि भाजपा पार्षदों की सुनवाई नहीं हो रही है। सड़कों पर गड्ढों की भरमार है और सिर्फ वेस्ट हल्के में ही पैच वर्क हो रहे हैं। कहा कि सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। पार्कों की हालत बदहाल है। अफसर निरीक्षण तक नहीं कर रहे हैं। वहीं, करीब दोपहर डेढ़ बजे जोनल कमिश्नर नीरज जैन ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। नीरज जैन ने 10 दिन में समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।