झारखंड के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट:आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी, पलामू में पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा

हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश ने झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। प्रदेश में सोमवार की दोपहर बाद से मौसम बदला। मौसम में बदलाव का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। इधर मौसम में बदलाव की वजह से हजारीबाग के ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। गढ़वा में वज्रपात की वजह से भंडरिया के रहने वाले 60 साल के राजमणि मांझी की मौत हो गई। वहीं खरौंदी में कुआं बनाने के काम में लगा मजदूर विनोद राम गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह से प्रदेश का बदला मौसम मौसम के बदलाव की बात करें तो संथाल परगना के पाकुड़ और उत्तरी छोटानागपुर के कोडरमा में सुबह से बारिश हो रही है। पाकुड़ में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। वहीं कोडरमा में भी मध्यम दर्जे की बारिश है। बीते 24 घंटे के दौरान बारिश की बात करें तो रांची के साथ-साथ बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गुमला, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, गढ़वा और जामताड़ा में बारिश हुई। राजधानी रांची के बरियातू, कांके रोड, रातू रोड जैसे इलाकों में लगभग 15 मिमी तक बारिश हुई। आज भी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि आज भी दोपहर बाद मौसम में बदलाव नजर आएगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि आज भी रांची, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गढ़वा और पलामू में तेज हवा चलेगी। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र ने इन जगहों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बन रही है। इसे देखते हुए इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मई के बीच सप्ताह में एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान में आई खासी कमी ओलावृष्टि और बारिश की वजह से 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहने वाला अधिकतम पारा 35 से 37 डिग्री के बीच रहने लगा है। राज्य में सोमवार को यह बदलाव नजर आया। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान पलामू का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है। यह पिछले 24 घंटे में 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 33.9 सेल्सियस कम रहा। आज और कल कई इलाकों में बादल छाए रहने से उमस की स्थिति भी बनने के आसार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *