गुंडरदेही में सुबह 8 बजे छाया अंधेरा:बालोद में आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश, ड्यूटी पर निकले कर्मचारी रास्ते में फंसे; 6 जिलों में अलर्ट

बालोद जिले में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह 6 बजे से ही आसमान में काले घने बादल छाने लगे थे, लेकिन 8 बजे के आसपास तेज आंधी और तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण लोग प्रभावित हुए हैं। शासकीय कार्यालयों में ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी रास्ते में ही फंस गए। बारिश शुरू होने के एक घंटे बाद भी यह सिलसिला थमा नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले डौंडी, डौंडीलोहारा और गुरुर सहित विभिन्न इलाकों से पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। मौसम विभाग ने दुर्ग-राजनांदगांव समेत 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी कई जिलों में बारिश की बौछारे पड़ेंगी। बालोद-लोहारा मार्ग पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित तेज आंधी-तूफान के चलते बालोद-लोहारा मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम तरौद में बिजली के तारों पर एक पेड़ गिर गया। जिससे दो बिजली पोल टूट गए। इसी प्रकार खेरथाडीह मार्ग पर भी पेड़ और खंभे गिरने की घटनाएं सामने आईं। जिससे आसपास के करीब पांच गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम बदला हुआ है। आज पांचों संभाग में यलो अलर्ट जारी है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलेगी और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, कांकेर, बेमेतरा, कबीरधाम में तेज हवाओं के साथ बिजली गिर सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *