लुधियाना| साहिबजादा फतेह सिंह सेवा सोसाइटी ने हर साल की तरह इस बार भी साहिबजादों के शहीदी दिवस पर फतेहगढ़ साहिब बस यात्रा निकाली। यह यात्रा 21 दिसंबर से 24 दिसंबर तक लगातार जारी रहती है। सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले दस सालों से इस यात्रा का आयोजन कर रहे हैं, जिसमें वे सभी संगत को फतेहगढ़ साहिब के दर्शन के लिए लेकर जाते हैं। यह यात्रा साहिबजादा फतेह सिंह जी, साहिबजादा जोरावर सिंह जी और माता गुजरी जी के शहीदी सफर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए होती है। सोसाइटी के सदस्य ने बताया कि यह यात्रा बच्चों को हमारे इतिहास से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, ताकि वे साहिबजादों के संघर्ष और बलिदान को समझ सकें। सभी संगत श्री सिंह सभा गुरुद्वारा सीएमसी चौक से यात्रा की शुरुआत करती है, जहां रास्ते भर सिमरन करते हुए सभी लोग फतेहगढ़ साहिब के पवित्र स्थल तक पहुंचते हैं।


