भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम चुनाव वाले दिन सुबह 10 बजे वोट डालने जा रही स्कूटी सवार नवविवाहिता को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 10 साल का भांजा घायल हो गया। आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर बटाला रोड की ओर भागने लगा, तो मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने पीछा करके काबू कर लिया। घटना क्रिस्टल चौक की है। मृतका की पहचान राधिका (30) निवासी पुतलीघर के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पहुंची मृतका की सास अमिता ने बताया कि शनिवार सुबह बहू पुतलीघर उन्हें वोट डलवाकर भांजे के साथ स्कूटी पर सवार होकर बटाला रोड न्यू राजेश नगर अपने मायके जा रही थी। वोटर कार्ड का एड्रेस चेंज नहीं हुआ था, इसीलिए वह वोट डालने के लिए घर से निकली थी। उन्हें नहीं पता था कि आगे जाकर उसकी दर्दनाक मौत हो जाएगी। मृतका की सास अमिता ने बताया कि एक महीने पहले ही बेटे रजत की राधिका के साथ शादी हुई थी। एएसआई गुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को ट्रक सहित काबू कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शी सुरजीत कुमार ने बताया कि सारी गलती ट्रक वाले की है। बटाला रोड की ओर जाने के लिए स्कूटी सवार युवती जब चौक का पार कर रही थी कि तेज रफ्तार में ट्रक पीछे से आया और उसने पहले स्कूटी में टक्कर मार दी। इस दौरान युवती गिर गई थी, लेकिन ट्रक वाले ने ब्रेक नहीं लगाया और ट्रक के पिछले टायर के नीचे महिला का सिर आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। अगर ट्रक वाला टक्कर के तुरंत बाद ब्रेक लगा देता तो शायद युवती बच सकती थी।


