भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन चल रहे गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां के मौजूदा मैनेजर हरप्रीत सिंह 30 अप्रैल को सेवा मुक्त हो रहे हैं । उनकी सेवा मुक्ति के चलते नए मैनेजर के दावेदारों में आधा दर्जन से अधिक एसजीपीसी के अधिकारी शामिल हैं। मैनेजर बनने की दौड़ में एसजीपीसी अधिकारी युवराज सिंह बंटी, राजेंद्र सिंह रूबी ,जसपाल सिंह, सतनाम सिंह रिहाड, बिक्रम सिंह तथा पूर्व मैनेजर नरेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। उक्त दावेदार मैनेजर बनने के लिए अपने राजनीतिक अकाली आकाओं के दरबार में पहुंच गए हैं। सूत्रों के अनुसार मैनेजर लगने की दौड़ में शामिल उक्त अधिकारियों में राजेंद्र सिंह रूबी पूर्व अकाली मंत्री गुलजार सिंह रणिके के काफी करीब माने जाते हैं, जबकि जसपाल सिंह पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया के काफी करीबी तथा चहेतों की लिस्ट में सबसे ऊपर माने जाते हैं। जबकि बिक्रम सिंह, सतनाम सिंह रियाड तथा युवराज सिंह एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के ओएसडी सतबीर सिंह धामी के काफी करीबी माने जाते हैं। दूसरी तरफ इससे पहले गुरुद्वारा शहीदां के मैनेजर रहे नरेंद्र सिंह के कार्यकाल के दौरान गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधों में काफी सुधार देखने को मिला था। अब देखना यह है कि हरप्रीत सिंह की सेवा मुक्ति के बाद एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी किस अधिकारी पर मेहरबान होते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान कर उक्त गुरुद्वारा साहिब की सेवा सौंपते हैं।


