रापुर का वकील बना कनाडा में सांसद, नानके में ढोल-गिद्दे पर नाचीं बुआ

भास्कर न्यूज | अमृतसर/अजनाला अमृतसर जिले के रापुर गांव से संबंध रखने वाले जगशरण सिंह माहल ने कनाडा के संसदीय चुनाव में जीत दर्ज कर अपने गुरुनगरी और परिवार का नाम रोशन कर दिया है। वह कंजरवेटिव पार्टी की टिकट पर एडमोंटन साउथईस्ट से पहली बार चुनाव लड़े और सांसद चुने गए। उन्होंने कनाडा के सीनियर लिबरल नेता अमरजीत सोही को हराकर यह अहम सीट पार्टी की झोली में डाली। जगशरण सिंह माहल का दादका गांव रापुर (तहसील अजनाला) है जबकि नानका गांव मटिया है। चुनाव नतीजों के बाद उनके ननिहाल गांव मटिया में जश्न का माहौल बन गया। बुआ के घर पर ढोल-ताशे बजाए गए, महिलाओं ने गिद्दा डाला और पूरे गांव में लड्डू बांटे गए। जगशरण के मामा पूर्व अकाली नेता उपकार सिंह संधू ने बताया कि परिवार में खुशी का माहौल है। जगशरण ने 10वीं तक पढ़ाई अजनाला में की, 12वीं खालसा कॉलेज अमृतसर से और फिर चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। इसके बाद फिर खालसा कॉलेज अमृतसर से एलएलबी की। जगशरण की बुआ के बेटे सतनाम सिंह ने बताया कि करीब 17 साल पहले उनके पिता सुखवंत सिंह कनाडा में अपनी बहन के पास गए थे। इस बीच जगशरण ने जगराओं में रहने वाली युवती से शादी की।​ फिर पत्नी के जरिए स्पाउस वीजा पर 15 साल पहले यानी 2010 में कनाडा गए। कनाडा जाकर जगशरण ने वकालत शुरू की और स्थानीय समुदाय में पहचान बनाई। 2 साल पहले उन्होंने राजनीति में कदम रखा। इस बार कनाडा में संसदीय सीटें बढ़ने से नई राइडिंग बनी और उन्हें कंजरवेटिव पार्टी की ओर से एडमोंटन साउथईस्ट से टिकट मिला। उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ते हुए सीनियर नेता को हराकर पार्टी के लिए बड़ी जीत दर्ज की। उनकी इस कामयाबी से रापुर और मटिया, दोनों गांवों में गर्व और उत्साह की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *