देशभगत यादगार हॉल में आंगनबाड़ी यूनियन ने की कन्वेंशन, 20 को हड़ताल

भास्कर न्यूज | जालंधर आंगनवाड़ी मुलाजिम यूनियन पंजाब सीटू ने 20 मई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को दोआबा जोन की कन्वेंशन यूनियन की सूबा प्रधान हरजीत कौर पंजोला की अगुवाई में हुई। देश भगत यादगार हॉल में आयोजित इस कन्वेंशन में लुधियाना, कपूरथला, होशियारपुर, तरनतारन, गुरदासपुर, नवांशहर, अमृतसर, जालंधर और पठानकोट जिलों की चुनी हुई टीमों ने हिस्सा लिया। कन्वेंशन को राष्ट्रीय प्रधान ऊषा रानी ने विशेष रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में फिरकापरस्ती और निजीकरण लगातार बढ़ रहा है। मजदूरों के खिलाफ सरकार नई-नई नीतियां ला रही है। चार लेबर कोड लाकर लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला किया गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आईसीडीएस को खत्म करने की दिशा में बढ़ रही है। इसके तहत बच्चों को मिलने वाला पोषण छीना जा रहा है। पोषण ट्रैक और फेस आईडी के नाम पर लाभार्थियों को परेशान किया जा रहा है। पोषण का लाभ तभी मिलेगा जब फेस आईडी होगी। यह बाल अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आधार कार्ड के नाम पर किसी को लाभ से वंचित न करने का आदेश दिया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार पोषण अभियान के नाम पर लाभ में कटौती कर रही है। फेस आईडी केवाईसी कराना अधिकारों का हनन है। लोग इसका विरोध करते हैं। इसका असर आंगनबाड़ी वर्कर को झेलना पड़ता है। विभाग की ओर से दबाव बनाया जाता है। दूसरी ओर लोग विरोध करते हैं। कहते हैं कि 300 ग्राम दलिया के लिए फेस आईडी नहीं कराएंगे। उनके पास समय नहीं है। ओटीपी देने से भी मना करते हैं। साइबर घोटालों के डर से लोग सतर्क हैं। देशभगत यादगार हॉल में आयोजित कन्वेंशन में हिस्सा लेते यूनियन सदस्य। वहीं इसके साथ ही उन्होंने कहा आंगनबाड़ी वर्करों को मोबाइल तक नहीं दिए गए। पिछले दो दशकों से केंद्र सरकार बजट दे रही है, लेकिन बिना संसाधन दिए वर्करों से काम लिया जा रहा है। रोज नए विज्ञापन देकर सरकार लोगों को लुभाने की कोशिश करती है। इन सभी हमलों के खिलाफ 9 मई को जिला मुख्यालयों पर केंद्र सरकार के नाम मांग पत्र भेजे जाएंगे। 20 मई की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाकर आईसीडीएस और बाल अधिकारों को बचाया जा सकेगा। कन्वेंशन में जनरल सेक्रेटरी सुभाष रानी, वित्त सचिव अमृतपाल कौर, कृष्णा कुमारी, अनूप कौर तरनतारन, वरिंदर कौर गुरदासपुर, गुरमिंदर कौर, जसपाल कौर गुरबख्श कौर, सरबजीत कौर, लखविंदर कौर, सुरजीत कौर, भिंदर कौर, आशा रानी लुधियाना, बलजीत कौर, सतवंत कौर, परमजीत कौर, जसवीर कौर और हरभजन कौर भी मौजूद रहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *