बालोद में हाथियों की वापसी, दस्तक देते ही मचाई तबाही:दो दंतैल हाथियों ने धमतरी से आकर फसलों को पहुंचाया नुकसान, वन विभाग अलर्ट

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बार फिर हाथियों ने दस्तक दे दी है। धमतरी की तरफ से आए दो दंतैल हाथियों ने क्षेत्र में पहुंचते ही फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में हाथी आरएफ 220 परिसर चूल्हापथरा गुरुर के आसपास है। विभाग हाथियों की लगातार ट्रैकिंग कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। पिछले तीन वर्षों से बालोद जिले का वन परिक्षेत्र हाथियों के विचरण के लिए उपयुक्त स्थान बन गया है। इसी कारण हाथियों का आना-जाना लगा रहता है। वन विभाग फसलों के नुकसान का आकलन कर रहा है। साथ ही दर्जन भर गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वन विभाग के लिए आम जनता और हाथियों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण काम है। इन गांव को रखा गया अलर्ट पर वन विभाग द्वारा बिच्छिबहरा, खैरडिगी धानापूरी, ओडेनाडीही, चूल्हापथरा, करियाटोला, हितेकसा, नगझर, मगचूवा, कोसमी, नाहंदा गोटाटोला, नागबेल, मरकाटोला नारागांव सहित दर्जनों गांव को वन विभाग द्वारा अलर्ट मोड पर रखा गया है। लेकिन इन सभी गांव के लोग दहशत में रात गुजारने को मजबूर हैं, क्योंकि हाथी कब कहां नुकसान पहुंचा दे कुछ कहा नहीं जा सकता है। अब तक छह लोग गवा चुके हैं जान हाथी को गुस्सा आने पर वह आक्रामक हो सकता है। बालोद जिले में बीते तीन वर्षों में छह लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसलिए लोगों को समझाइश दी जा रही है। अभी का जो समय है वह धान कटाई का समय है। यहां पर फसल लगभग पककर तैयार हो गई है और खड़ी फसलों पर हाथियों का आतंक देखने को मिल रहा है। जिसके कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, हाथी द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के बाद वन विभाग द्वारा इसके लिए किसानों को मुआवजा भी दिया जाता है। जानिए क्या कहा अधिकारी ने जिले की उपवन मंडल अधिकारी डिंपी देश ने बताया कि हाथियों की दस्तक हुई है और हम ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरुक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह-सुबह ग्रामीणों से हम अपील कर रहे हैं कि वह पानी वाले क्षेत्रों में अकेले ना जाए, क्योंकि पानी की तलाश में हाथी आसपास ही रहते हैं और यदि वनांचल क्षेत्र में कोई महुआ रखता है तो उसे घर के भीतर न रखें, क्योंकि हाथी उसकी सुगंध में वहां तक पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं को सुरक्षित रखें और हाथियों की सुरक्षा भी इसी से ही सुनिश्चित हो पाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *