छत्तीसगढ़ भाजपा वक्फ संशोधन कानून की जानकारी देने प्रदेशभर मे जनजागरण अभियान चलाने जा रही है। इसकी शुरुआत एक मई से होगी। दस मई तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वक्फ सुधार जनजागरण अभियान में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह भी शामिल होंगे। सिंहदेव ने बताया कि इस सम्मेलन में मुस्लिम और अन्य समुदायों के धार्मिक नेता, डॉक्टर, कलाकार, वकील, शिक्षाविद, महिला कार्यकर्ता, मीडिया प्रमुख और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को आमंत्रित किया जाएगा। इसके तहत “उम्मीद अधिनियम“ के प्रावधानों और उसके लाभों पर भी चर्चा की जाएगी। यह पहल स्थानीय स्तर पर मुस्लिम नागरिकों के साथ अनौपचारिक और ईमानदार संवाद को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखती है। ये सभी कार्यक्रम होंगे महिला संवादः अल्पसंख्यक एवं महिला मोर्चा द्वारा होंगे कार्यक्रम । धार्मिक नेता एवं इमाम संवादः उलेमाओं के साथ बैठक में धार्मिक अधिकारों का सम्मान और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा। ईसाई समुदाय संवादः ईसाई नेताओं के साथ सद्भाव बैठक आयोजित करेंगे। जनजाति समुदाय संवाद : यह एससी मोर्चा के नेतृत्व में किया जाएगा। केंद्रीय नेताओं की अध्यक्षता में प्रमुख जनजातीय हस्तियों सरपंचों, मुखियाओं, पुजारियों, शिक्षकों और निर्वाचित पेसा अधिकारियों के साथ बैठकें की जाएंगी। भ्रम फैला रही है कांग्रेस सिंहदेव ने कहा कि वक्फ कानून को लेकर कांग्रेस द्वारा गलत जानकारी फैलाई जा रही है। इसकी वास्तविकता को लेकर ही हम समाज तक जा रहे हैं। इसका सबसे अधिक नुकसान मुस्लिम समाज को हुआ है। चंद प्रभावशाली लोगों के हाथों में होने की वजह से इस संपत्ति का लगातार गलत उपयोग किया गया।


