देवास के नयापुरा चौक स्थित तीन मंजिला मकान में शनिवार तड़के 4.30 बजे भीषण आग लग गई। ग्राउंड फ्लोर स्थित दूध डेयरी में शॉर्ट सर्किट से 3 फ्रीज के कंप्रेशर फट गए। आग से गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया। दूसरी मंजिल पर रखे एक क्विंटल घी ने आग काे विकराल कर दिया। हादसे में दूसरी मंजिल पर रहने वाले पति-पत्नी और 2 बच्चों की दम घुटने व जलने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ने फोन कर पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया। इस मकान में 40 साल पहले भी आग लगी थी। पुलिस ने बताया कि हादसे में दिनेश कारपेंटर (36), गायत्री (31), इशिका (10) व चिराग (7) की मौत हो गई। बिजेपुर विजयागंजमंडी निवासी दिनेश यहां किराये से ऊपर की मंजिल में रहता था। नीचे दूध डेयरी दुकान का संचालन करता था। पीएम के बाद शवों को उनके गृह ग्राम बिजेपुर भेजा गया, जहां दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया।


