भास्कर न्यूज| लुधियाना। गुजरांवाला गुरु नानक इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (जीजीएनआईएमटी) में आयोजित फेयरवेल पार्टी ने विदाई को यादगार बना दिया। बीबीए, बीकॉम (ऑनर्स), बीसीए, बीएचएमसीटी, बीएससी (फैशन डिजाइनिंग), एमसीए और एमबीए जैसे विभिन्न कोर्सेस के अंतिम वर्ष के छात्रों को विदाई देने के लिए संस्था के कैंपस में जश्न का माहौल छा गया। फंक्शन की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जहां छात्रों ने रंगारंग डांस और सुरमयी गीतों से मंच पर समां बांध दिया। खास आकर्षण रहा फैशन डिजाइनिंग विभाग द्वारा प्रस्तुत फैशन शो, जिसमें पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला। स्टूडेंट्स की रचनात्मकता और कलात्मकता ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्रो. मंजीत सिंह छाबड़ा ने छात्रों को भावुक विदाई देते हुए जीवन में समझदारी से फैसले लेने की सीख दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रिंसिपल डॉ. हरप्रीत सिंह ने भी सभी छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। फेयरवेल के दौरान विभिन्न टाइटल्स भी छात्रों को दिए गए। अंडरग्रेजुएट श्रेणी में मिस्टर और मिस फेयरवेल 2025 बने बीसीए के सुखप्रीत सिंह और बीबीए की मेहरदीप कौर। बीसीए के शिव और बीकॉम (ऑनर्स) की श्रुति को क्रमश: मिस्टर और मिस पर्सनैलिटी का खिताब मिला। बीबीए के अर्शदीप सिंह को मिस्टर हैंडसम और बीएससी फैशन डिजाइनिंग की निहारिका को मिस ब्यूटीफुल चुना गया। मिस्टर वेल ड्रेस्ड का टाइटल बीकॉम (ऑनर्स) के चिंटू और मिस वेल ड्रेस्ड का खिताब बीएचएमसीटी की निमरप्रीत को मिला। पोस्टग्रेजुएट कैटेगरी में एमबीए के अमृतपाल सिंह और सुखप्रीत कौर को मिस्टर और मिस फेयरवेल 2025 का टाइटल मिला, जो उनके व्यक्तित्व, प्रस्तुति और पूरे कैंपस में उपस्थिति को दर्शाता है। यह सिर्फ एक फेयरवेल नहीं बल्कि भावनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की उम्मीदों का उत्सव बन गया। हंसी, आंसू और दोस्ती के वादों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां एक खूबसूरत दौर खत्म हुआ और नए जीवन की शुरुआत की उम्मीद जागी।


