श्योपुर में 8 दिन पहले रेत माफिया के मुखबिर तंत्र को पुलिस से ज्यादा मजबूत होने की बात कहकर सुर्खियों में आए रघुनाथपुर पुलिस थाने के थाना प्रभारी जयसिंह रघुवंशी के प्रभार वाले थाना क्षेत्र में खुलेआम बड़ा जुआ खिलाया जा रहा है। करीब 50 लोग इस जुए में रोजाना लाखों रुपए के दांव लगाते हैं। रोजाना 15 लाख रुपए से ज्यादा की हार-जीत का खेल खेला जा रहा है। जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में अनगिनत जुआरी तिरपाल बिछाकर गोल घेरा बनाकर बैठे हुए हैं और एक-एक जुआरी एक-एक बार में 5 से 10 हजार रुपए का दांव लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। कुल मिलाकर एक बाजी में डेढ़ से 2 लाख रुपए का दांव लगाया जा रहा है। मामला रघुनाथपुर कस्बे के पास का है। जहां पिछले कई महीनों से इक्यावनी नाम का जुआ खुलेआम खिलाया जा रहा है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस जुए की जानकारी जिले भर में है। मुरैना, ग्वालियर तक के जुआरी इसमें शामिल होने आते हैं। बीते शनिवार की शाम रघुनाथपुर थाना इलाके में हो रहे इस जुए के वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि इन जुआरियों को पुलिस का कोई भय नहीं है। तभी तो वह इस तरह से खुलेआम इतना बड़ा जुआ खेल रहे हैं। बाइक और कार से आते हैं जुआ खिलाने वाले
रघुनाथपुर थाना इलाके में खेले जा रहे इस जुए को खिलाने वाली टीम वीरपुर, मुरैना के सबलगढ़ और जौरा इलाके की है। जो रोजाना कार और बाइकों से रघुनाथपुर आकर दोपहर 12 बजे से देर शाम अंधेरा होने तक रघुनाथपुर के आसपास यह जुआ खिलाते हैं।
पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई इस बारे में रघुनाथपुर इलाके के युवा रणवीर जाटव का कहना है कि, हमारे क्षेत्र में लंबे समय से इक्यावनी जुआ खेला जा रहा है। सिस्टम से मिलकर यह जुआ चल रहा है। रोजाना 5 हजार रुपए पुलिस को देते हैं जुआरी। कई लोग बर्बाद हो गए, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। मुझे जुआ की जानकारी नहीं इस बारे में रघुनाथपुरथना प्रभारी जय रघुवंशी का कहना है कि मुझे जुआ होने की जानकारी नहीं है। हो सकता है पहले यहां ऐसा होता हो। अगर अब ऐसा हो रहा है तो मैं इसे दिखवाता हूं।


