श्रमिक दिवस पर आज ट्रेड यूनियन सम्मेलन

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ ट्रेड यूनियन काउंसिल छत्तीसगढ़ इस वर्ष भी श्रमिक दिवस पर अपना वार्षिक सम्मेलन आयोजित करेगा। यह आयोजन 1 मई को सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल मनेंद्रगढ़ में होगा। संगठन की स्थापना 1981 में वरिष्ठ अधिवक्ता जेपी श्रीवास्तव और उनके साथियों ने की थी। इस वर्ष संगठन ने अपने 48 वर्ष पूरे कर लिए हैं। मंगलवार को मनेंद्रगढ़ रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के 25 से अधिक जिलों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन का पहला सत्र सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इसमें श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा होगी। इसके बाद खुला सत्र होगा। सम्मेलन में सरकार से मांग की जाएगी कि मई दिवस को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और पंचायत कर्मियों का बीमा शासकीय खर्च पर किया जाए। केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ते राज्य कर्मचारियों को भी देने की मांग की जाएगी। आठवें वेतन आयोग की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उसे लागू करने का प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी, मितानिन और पंचायत कर्मियों के वेतन और मानदेय बढ़ाने की मांग भी रखी जाएगी। सम्मेलन में 11 लोगों को श्रम श्री और एक वरिष्ठ नागरिक को वरिष्ठ नागरिक श्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि वे 43 वर्षों तक संगठन का दायित्व निभाने के बाद इस सम्मेलन में अपने उत्तराधिकारी का चयन करेंगे। हालांकि वे संगठन से जुड़े रहकर श्रमिकों, किसानों और कर्मचारियों के हक में आवाज उठाते रहेंगे। प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक गुलाब कमरो, एमसीबी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, अधिवक्ता रामनरेश पटेल और संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव व अन्य।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *