कम नंबर आने पर शिक्षक ने लगाई थी डांट, तभी ठान ली थी कुछ कर दिखाऊंगी : करिश्मा

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ की होनहार बेटी करिश्मा गर्ग ने संत जोसेफ कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, काशिदा (घाटशिला) से 10वीं की परीक्षा में शानदार 98% अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रखंड का नाम गौरवान्वित किया है। खास बात यह है कि करिश्मा ने यह सफलता पूरी तरह अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर हासिल की है। करिश्मा ने बताया कि उनके इस सफर में सबसे बड़ा योगदान उनकी मां योगिता अग्रवाल और बड़े भाई तुषार गर्ग का रहा। प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान जब उन्हें गणित में अपेक्षा से कम अंक मिले थे, तब एक शिक्षक ने उन्हें डांट लगाई थी।उसी क्षण उन्होंने ठान लिया था कि अगली बार वह टॉपर बनकर दिखाएंगी और उन्होंने यह कर दिखाया। हर दिन स्कूल के अलावा वह 7 से 8 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। कठिन विषयों में जब भी कोई समस्या आती थी, वह यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यम से समाधान खोजती थीं। उनकी लगन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके दादा जी विश्वनाथ अग्रवाल ने बताया “रात में जब भी नींद खुलती थी, करिश्मा को पढ़ते ही देखा। कई बार उसे खुद भी नहीं पता चलता था कि कब रात बीत गई।” पढ़ाई में लगी रहती थी। करिश्मा का सपना है कि वह भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनें और अपने ज्ञान व परिश्रम से समाज में अपनी विशेष पहचान बनाएं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा जी विश्वनाथ अग्रवाल, दादी विमला देवी, मां योगिता अग्रवाल, पिता विवेकानंद अग्रवाल (विक्की) और बड़े भाई तुषार गर्ग को दिया है, जिनका सहयोग हर कदम पर उन्हें मिलता रहा। करिश्मा की यह उपलब्धि धालभूमगढ़ के लिए गर्व का विषय है। स्कूल प्रशासन और क्षेत्रवासी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *