भगवान परशुराम जयंती पर 35 बटुकों की अगुवाई में निकाली गई शोभायात्रा

भास्कर न्यूज| जांजगीर​ भगवान श्री परशुराम जयंती जांजगीर-नैला नगर में धूमधाम और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव शोभायात्रा का आयोजन सर्व विप्र समाज और भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में किया गया। बीते 15 दिनों से चल रही तैयारियों के बाद यह शोभायात्रा नगरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई।​ शोभायात्रा का आरंभ शाम 5.30 बजे दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर (पुलिस कंट्रोल रूम के सामने) से हुआ। यह यात्रा कचहरी चौक, नेताजी चौक होते हुए परशुराम चौक रेलवे स्टेशन नैला पहुंची, जहां भगवान परशुराम जी की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर यात्रा का समापन हुआ। इस शोभायात्रा में सभी विप्रजन अपने परिवार सहित शामिल हुए।​ यात्रा की अगुवाई 35 बटुकों के उपनयन संस्कार दल द्वारा की गई, जो पारंपरिक वेशभूषा में थे। उनके पीछे ब्राह्मण नारी नव चेतना मंच की महिला सदस्य, 45 सदस्यीय कर्मा नृत्य दल, विप्र समाज की महिलाएं, बालिकाएं, डीजे, बालक समूह, वृद्धजन और अंत में भगवान परशुराम जी की प्रतिकृति युक्त रथ शामिल था। यह रथ विद्युत साज-सज्जा से युक्त था और झूमर लाइट से शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया। महाप्रसाद व जगह-जगह जलपान की व्यवस्था शोभायात्रा के समापन के बाद नैला मारवाड़ी धर्मशाला में करीब 2000 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (रात्रिभोज) की व्यवस्था की गई। जांजगीर नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से विप्रजनों को लाने और वापस ले जाने के लिए बसों की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। वृद्धजन और शारीरिक रूप से असमर्थ लोगों के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की थी। नगर के विभिन्न समाजों द्वारा शोभायात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे सामाजिक समरसता और एकता का संदेश प्रसारित हुआ।​ डीके मेडिकल के सामने समाज के लोगों के लिए नाश्ते की व्यवस्था थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *