जांजगीर | शिवरीनारायण पुलिस ने सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो से प्राप्त सायबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर की गई है। आरोपी की पहचान राहुल मोहम्मद इरफान(24), निवासी सिंगोरी, थाना सिंगोरी, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा फेसबुक के माध्यम से अश्लील वीडियो मोबाइल से अपलोड कर प्रसारित किया गया था, जिसकी सूचना एनसीआरबी ने सायबर सेल जांजगीर को दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण की पुलिस टीम ने आरोपी को चिन्हित कर 22 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67(बी), भारतीय दंड संहिता की धारा 201 और पॉक्सो एक्ट की धारा 14(1) के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर भेजा गया है।


