तुस्मा | नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत तुस्मा से खैरताल तक जाने वाला रास्ता हल्की बारिश में ही तालाब में बदल जाता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश होते ही इनमें पानी भर जाता है। यह रास्ता शिवरीनारायण को जोड़ता है। हर दिन करीब 20 हजार लोग इसी रास्ते से खरीदारी करने पहुंचते हैं। इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। लोग दहेज का सामान, राशन या अन्य जरूरी चीजें खरीदने इसी रास्ते से शिवरीनारायण जाते हैं। लेकिन सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों में पानी भरे होने से राहगीरों को यह समझ नहीं आता कि कहां समतल है और कहां गड्ढा। इससे हादसे हो रहे हैं। तुस्मा से खैरताल की दूरी करीब 10 से 11 किलोमीटर है। सामान्य स्थिति में यह दूरी 40 मिनट में तय हो जाती है। लेकिन अब इस रास्ते को पार करने में डेढ़ से दो घंटे लग रहे हैं। विभाग को कई बार पत्राचार के माध्यम से जानकारी दी गई है। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।


