कोंडागांव जिले के माण्डोकीखरगांव के मेले से एक जुआरी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने खुड़खुड़ी नामक जुआ खेल का संचालन करते हुए उड़ीसा निवासी बिनेश पांडे (32) को पकड़ा। फरसगांव थाना क्षेत्र का मामला है। आरोपी के पास से 34,000 रुपए नगद बरामद किए गए। पुलिस ने जुआ खेल में इस्तेमाल होने वाला गोटा, परदा, बांस की टोकनी और प्लास्टिक की चटाई भी जब्त की। गोटे पर हुकुम, पान, चिड़ी, इट्टा, मुंडी और जंड़ी के निशान छपे हुए थे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने गवाहों को धमकाने का प्रयास किया। इस पर उसके खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसडीओ अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की टीम शामिल थी। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने का स्पष्ट संदेश है।


