सरगुजा ACB की टीम ने सरगुजा के उदयपुर CHC में 10 हजार रुपए रिश्वत लेते लेखापाल एवं बाबू को तथा सूरजपुर में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को गिरफ्तार किया है। उदयपुर सीएचसी के लेखापाल एवं बाबू ने हॉस्पिटल के एक कर्मचारी का बिल पास करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB की टीम ने दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। वहीं सूरजपुर में पटवारी को चौहद्दी काटने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारी अंशू मिंज का बिल पास करने के लिए हॉस्पिटल के लेखापाल बाबू नंद कुमार पैकरा (नंदा बाबू) और संगठक कौशलेंद्र पांडेय ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। कई दिनों तक बिल पास नहीं होने से परेशान अंशू मिंज ने इसकी शिकायत सरगुजा एसीबी से की। रिश्वत लेते पकड़े गए लेखापाल व लिपिक
सरगुजा एसीबी के टीआई शरद सिंह की टीम गुरुवार को उदयपुर पहुंची। कर्मचारी अंशू पाल ने जैसे ही रिश्वत की रकम लेखापाल नंद कुमार पैकरा एवं बाबू कौशलेंद्र पांडेय को दी, एसीबी की टीम ने दोनों को रिश्वत की रकम 10 हजार रुपए के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पटवारी ने चौहद्दी काटने मांगे 20 हजार, गिरफ्तार
ACB की टीम ने सूरजपुर जिले के हलका नंबर 5 डुमरिया के पटवारी भानू प्रताप सोनी को 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। भानू प्रताप सोनी ने जमीन की चौहद्दी काटने, नामांतरण एवं सीमांकन के लिए भू स्वामि व्यवसायी मनीष जिंदिया से 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत मनीष जिंदिया ने ACB सरगुजा से की गई थी। ACB की टीम ने बुधवार दोपहर पटवारी भानू प्रताप सोनी को मनीष जिंदिया से 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।


