छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ऑटो ड्राइवर के अपहरण का मामला सामने आया है। ऑटो पर सवार दो युवकों ने ड्राइवर के सिर पर बीयर की बोतल फोड़कर उसे जख्मी कर दिया। फिर वीडियो बनाकर उसके भाई से फिरौती में 1 लाख रुपए की मांग की। जिसका वीडियो भी सामने आया है। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर निवासी विजय यादव (38) बुधवार रात करीब 9 बजे रोजाना की तरह रेलवे स्टेशन सवारी लेने गया था। रात करीब 10 बजे स्टेशन के अंदर से दो युवक बाहर निकले। रूचिदा जाने के लिए विजय को बोले, तो 700 रुपए में किराया तय हुआ। इसके बाद दोनों युवक ऑटो पर सवार होकर रूचिदा के लिए निकल गए। इसी दौरान युवकों ने रात में रूचिदा के पास सुनसान सड़क पर ऑटो रुकवाया और अचानक अपने बैग में रखे बीयर बोतल को विजय के सिर पर दे मारा। इससे विजय लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गमछे से बांध दिया हाथ-पैर इसके बाद मारपीट करते हुए विजय के पॉकेट में रखे 500 रुपए और मोबाइल लूट लिया। अपने पास रखे गमछा से उसके हाथ-पैर को बांधकर उसका वीडियो बनाने लगे। किडनैपरों ने विजय के बड़े भाई को कॉल कर लहूलुहान हालत में बंधे हुए विजय का वीडियो उसको भेजा। बोले- 1 लाख दो, नहीं तो तुम्हारे भाई को मार देंगे इसके बाद युवकों ने विजय के बड़े भाई कन्हैया को फोन कर कहा कि, 1 लाख रुपए देकर अपने भाई को ले जाओ, नहीं तो इसे जान से मार देंगे। इससे कन्हैया घबरा गया और मोबाइल पर वीडियो देखने के बाद उसने मामले की जानकारी जिला ऑटो संघ के अध्यक्ष दी। बाकी ऑटो चालकों के साथ कोतवाली थाने भी पहुंचे। जहां उसने मामले की सूचना दी। बार-बार किडनैपर धमकी दे रहे थे इसके बाद पुलिस की एक टीम बनाई गई। पुलिस के साथ कन्हैया और बाकी ऑटो ड्राइवर मौके के लिए रवाना हुए। इस दौरान बार-बार किडनैपरों का फोन आ रहा था और धमकी दी जा रही थी कि, जल्दी पैसे लेकर आओ। कई वाहनों के लाइट को देखकर भागे किडनैपरों ने प्लान के तहत कहा कि, रास्ते में केनसरा रेलवे पटरी के पास पुल के ऊपर पैसे रखकर चले जाना। जहां किडनैपर रुपए का इंतजार कर रहे थे। पुलिस और ऑटो ड्राइवर अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर जा रहे थे। ऐसे में दूर से काफी वाहनों की लाइट देखकर वे समझ गए और विजय को घायल हालत में छोड़कर भाग गए। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती जिसके बाद किसी तरह विजय ने अपने हाथ-पैर को गमछे से मुक्त कराया और वापस जाने लगा। रास्ते में विजय अपने भाई और ऑटो चालकों से मिला। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामले की सूचना कोतवाली थाने में दी गई। जहां केस दर्ज कर मामला पुसौर थाना भेजा गया। खून से लथपथ था भाई घायल का बड़ा भाई कन्हैया लाल यादव ने बताया कि, उसका भाई स्टेशन पर ऑटो चलाता है। दो सवारी आए और उनको रूचिदा ले जाने के लिए बोले। इसके बाद विजय से मारपीट कर मोबाइल भी छिन लिए। वीडियो बनाकर मुझे भेजा और जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपए मांगे। घायल ने युवकों की पहचान बताई पीड़ित विजय यादव ने बताया कि, दोनों युवक जनशताब्दी से आए थे। एक युवक करीब 18 साल का होगा, जो कि गोल चेहरा, नीला जींस और मटपैला टी शर्ट पहना था। दूसरा युवक करीब 25 साल सांवला रंग नीला जींस, शर्ट पहने हुए छत्तीसगढ़ी बोली में बात कर रहा था। पुलिस मामले में जांच कर रही इस मामले में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि, मामले की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, आरोपियों की तलाश की जा रही है।


