जशपुर जिले में एक युवक ने नवविवाहिता पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि नवविवाहिता पर हमला करने वाला आरोपी लैलूंगा थाना अंतर्गत भेलवाटोली निवासी नूतन सिदार है। घटना बुधवार रात कोतबा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की हाल ही में शादी हुई थी। नवविवाहिता शादी के बाद बुधवार रात पहली बार अपने ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर महिला के घर में घुस गया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पीड़िता के दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं। उसके हाथों में 29 टांके लगे हैं। पीड़िता के परिजनों ने थाने में की शिकायत घायल महिला को कोतबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है। कोतबा पुलिस चौकी की टीम ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी नूतन सिदार फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जशपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान और सबूतों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हमला करने वाले की पहचान की पुष्टि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी पीड़िता का पूर्व प्रेमी है या कोई अन्य व्यक्ति।


