घायलों की मदद कर रहे राहगीरों को वाहन ने कुचला:बलौदाबाजार में इलाज के दौरान दूसरे व्यक्ति की भी मौत, 4 की हालत नाजुक

बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के गिर्रा पुलिया पर एक सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रायपुर निवासी अखिलेश पांडेय की मौत हो गई। वह घायलों की मदद करने पहुंचे थे। घटना मंगलवार देर रात की है। सलोनी निवासी यशवंत ध्रुव और धनराज ध्रुव अपनी भांजी की शादी में जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो गुजर रहे वाहनों को रोककर सवारों से मदद मांगी। हादसे में 6 लोग हुए थे घायल सोनू चौहान, प्रकाश चक्रधारी और एक पुलिसकर्मी सहित 6 लोग घायलों की मदद कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में सोनू चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। प्रकाश चक्रधारी और एक अन्य व्यक्ति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। यशवंत ध्रुव और धनराज ध्रुव का चंदा देवी निजी अस्पताल में उपचार जारी है। एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने घटनास्थल और पलारी अस्पताल का दौरा किया। दूसरी दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। चारों घायलों की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है। इस हादसे में एक पुलिस जवान भी घायल हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *