बिलासपुर में गुरुवार को भगवान परशुराम की जयंती पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। समग्र ब्राह्मण समाज और परशु सेना के नेतृत्व में आयोजित इस शोभायात्रा में पंजाब बैंड और उज्जैन के डमरू दल ने विशेष आकर्षण का केंद्र बना। शोभायात्रा शाम 4:30 बजे दयालबंद स्थित शीतला माता मंदिर से प्रारंभ हुई। यह यात्रा गांधी चौक, जूना बिलासपुर, गोल बाजार, सदर बाजार और सिम्स चौक होते हुए पंडित देवकीनंदन दीक्षित स्कूल प्रांगण तक पहुंची। यहां धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें संत चिन्मयानंद बापू ने संबोधित किया। शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश बाजपेयी, अरविंद दीक्षित, जयश्री शुक्ला समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। शोभायात्रा का मार्ग में कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। दयालबंद में हिंदू पंजाबी सनातन संस्था, गांधी चौक पर पूज्य सिंधी पंचायत और सिटी कोतवाली में त्रिलोक श्रीवास धर्म जागृति मंच ने स्वागत किया। गोल बाजार में विधायक अमर अग्रवाल, करोना चौक में दाऊदी बोहरा समाज और देवकीनंदन चौक में राजपूत क्षत्रिय समाज ने स्वागत किया। मार्ग में कई स्वागत द्वार बनाए गए थे। बैनर और पोस्टर से पूरा मार्ग सजाया गया था। सदर बाजार में विभिन्न संगठनों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। उज्जैन का डमरू दल और पंजाब बैंड रहा आकर्षण का केंद्र शोभायात्रा में चल रहे पंजाब बैंड, उज्जैन का डमरू दल और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वाद्य यंत्रों के साथ शौर्य का प्रदर्शन कर रही महिलाएं और युवाओं की टोलियां यात्रा के पूरे मार्ग में एक अलग उमंग और उत्साह बिखेरती नजर आईं।


