मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में कलेक्टर के निर्देश पर खनिज उड़नदस्ता दल लगातार छापामार कार्रवाई कर रहा है। दल ने चैनपुर और चिमटीमार क्षेत्र की हसदेव नदी से 4 रेत के ट्रैक्टर और एक गिट्टी का ट्रैक्टर जब्त किया है। सभी वाहनों को सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है। जब्त वाहनों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 के तहत कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने 5.52 लाख का जुर्माना वसूला इस वित्तीय वर्ष में विभाग ने चिरमिरी, पोड़ी, नागपुर, चौघड़ा, चनवारीदाड और झगराखंड क्षेत्र के अवैध ईंट भट्टों से उत्खनन के मामलों में 4.77 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है। मिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन से 75,250 रुपए की राशि वसूली गई है। खनि अधिकारी दयानंद तिग्गा ने कहा कि विभाग राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रयासरत है। उड़नदस्ता दल की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


