मरवाही विकासखंड में महिला स्व-सहायता समूहों से लोन के नाम पर अवैध कमीशन वसूलने का मामला सामने आया है। एफएलसीआरपी आरबीके सक्रिय महिला समूह की सदस्यों ने आरोप लगाया कि उनसे सीआईएफ राशि के लिए 2000 से 5000 रुपये तक का कमीशन लिया गया। महिला शक्ति समूह की सदस्यों ने जीपीएम कलेक्टर के जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में संकुल अध्यक्ष लक्ष्मी देवी मरावी, पीआरपी कुनैनी सोनवानी और प्रभारी बीपीएम वंदना पैकरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों पर हुई कार्रवाई जिला स्तरीय जांच समिति ने 4 अप्रैल 2025 को एसडीएम की मौजूदगी में मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। संजीवनी महिला आजीविका संकुल संगठन की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी मरावी को पद से हटा दिया गया। पीआरपी कुनैनी सोनवानी सहित जिले के सभी पीआरपी को अन्य विकासखंडों में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी वंदना पैकरा को प्रभारी बीपीएम के पद से हटाकर समीर ध्रुव को यह जिम्मेदारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ सुरेंद्र वैद्य ने समूह की राशि को विधिवत खाते में जमा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


