बालोतरा में डोडा-पोस्त ले जा रहे युवकों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस का जाब्ता देख युवकों ने कार दौड़ानी शुरू कर दी। 10 किमी के बाद युवकों ने कार पहाड़ियों में घुमा दी। यहां आगे रास्ता नहीं मिला तो कार से उतर कर भागने लगे। इसके साथ ही पुलिस पर फायरिंग भी की। ऐसे में जवाबी फायरिंग में एक युवक के कूल्हे पर गोली लगी। वह घायल होकर गड्ढे में गिर गया। इसके बाद उसके साथी को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने डोडा-पोस्त से भरी कार को जब्त किया है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के MDM रेफर किया गया। बालोतरा एसपी ने घटना स्थल पहुंचकर जायजा लिया। कार्रवाई सिवाना डीएसपी नीरज शर्मा के नेतृत्व में सिवाना थाना पुलिस, डीसीआरबी और डीएसटी ने की। घटना बालोतरा जिले के सिवाना थाने के हिंगलाज मंदिर के पास की गुरुवार की है। इस मामले में दोनों युवकों की नशा तस्करी को लेकर कोई हिस्ट्री नहीं मिली। इस पर आईजी विकास कुमार ने कहा- यह नया पैटर्न है, बड़े तस्कर ऐसे युवकों को हायर (भाड़े पर) कर रहे हैं। पहले देखिए घायल तस्कर की तस्वीर… एसपी हरिशंकर ने बताया- सिवाना पुलिस ने अलसुबह नाकाबंदी हिंगलाज मंदिर के पास मोकलसर में नाकाबंदी की थी। इस दौरान पुलिस पर युवकों ने फायरिंग कर दी। ऐसे में जवाबी फायरिंग में रमेश पुत्र पनाराम निवासी जैसार चौहटन के कूल्हे पर गोली लगी। वहीं दूसरे खीरथाराम निवासी बायतु पनजी को भी पकड़ लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फायरिंग करते हुए कार से कूद कर दौड़े थे युवक पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि डोडा-पोस्त से भरी ब्रेजा कार कार सिवाना की तरफ आ रही है। इस पर सिवाना डीएसपी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में डीएसटी, डीसीआरबी और सिवाना पुलिस ने अलसुबह नाकाबंदी हिंगलाज मंदिर के पास मोकलसर में नाकाबंदी की थी। ब्रेजा कार में सवार युवकों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया। पहाड़ी इलाके हिंगलाज में तस्कर आगे रास्ता नहीं होने पर कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक युवक रमेश पुत्र पनाराम निवासी जैसार चौहटन के गोली लगी। इसके बाद गड्ढे में गिर गया। इससे गंभीर घायल हो गया। वहीं दूसरे युवक खीरथाराम निवासी बायतु पनजी को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस खीरथाराम से पूछताछ की जा रही है। ढाई क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त पुलिस ने बताया- कि ब्रेजा कार में प्लास्टिक के ब्लैक कट्टों में करीब ढाई क्विंटल डोडा-पोस्त भरे हुए थे। पुलिस ने उसको जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। सूचना मिलने पर बालोतरा एसपी सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलाया गया। घटना स्थल से सबूत जुटाए गए। मुठभेड़ में 7 राउंड हुए फायर, 4 तस्कर व 3 पुलिस की ओर से पुलिस ने बताया- भागने के दौरान दोनों ने फायर किया। पुलिस ने करारा जवाब दिया। युवकों की तरफ से 4 और पुलिस की तरफ से 3 राउंड फायर हुए। गाड़ी पर भी गोली लगी। रमेश का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दूसरे युवक के खिलाफ मारपीट-फिरौती जैसे मामले दर्ज हैं। बड़े तस्कर युवाओं को कर रहे हायर, करवा रहे तस्करी आईजी विकास कुमार ने कहा- एक नया पैटर्न देखने में आया है। बड़े-बड़े तस्कर सभी सलाखों के पीछे है। बालोतरा पुलिस ने जो कार्रवाई कर दो तस्करों को पकड़ा है इनका कोई एनडीपीएस का इतिहास नहीं है। बड़े तस्करों पर निगरानी है और ज्यादा तस्कर जेल में है। इस वजह इन्होंने दो युवकों को हायर किया जो इस फील्ड में नए थे। इनको चितौड़गढ़ भेजा। वहां से डोडा-पोस्ट कार में भरकर वापस बुलाया। पूछताछ में सामने आया है कि बड़े तस्कर खुद बाहर नहीं निकल कर भाड़े पर आदमियों से काम कर रहे हैं। ताकि पुलिस को इन पर कोई शक न हो और जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो, उनको भेजकर किसी तरीके से डोडा-पोस्त की तस्करी करवा रहे हैं।


