आखातीज पर बुधवार को एक नाबालिग लड़की शादी से पहले घर से भाग गई। हैरान-परेशान घरवालों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं लगा। उधर, बारात को रास्ते में एक मंदिर में ही रोक दिया गया। बारातियों ने गाड़ी में ही रात बिताई। जब दूल्हे और बारातियों गुरुवार सुबह पुलिस से पता चला कि दुल्हन भाग गई है तो वे लौट गए। मामला जालोर के भाद्राजून थाना इलाके के एक गांव का है। थाने के हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल ने बताया- गुरुवार सुबह लड़की के पिता ने थाने आकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पहले पिता ने लड़की की उम्र 22 साल बताई थी। लेकिन, जब डॉक्यूमेंट चेक किए तो लड़की नाबालिग निकली। परिजन की रिपोर्ट पर मामले की जांच कर रहे हैं। गांव में बारात, परिजनों के हाथ-पैर फूले
पाली से आए दूल्हे के भाई ने पुलिस को बताया- भाई की सगाई करीब ढाई साल पहले जालोर के भाद्राजून थाना क्षेत्र के गांव में एक लड़की से हुई थी। बुधवार रात को शादी होनी थी। शादी से पहले ही दुल्हन घर से भाग गई। हम गांव पहुंचे। गांव पहुंचने पर दुल्हन पक्ष की ओर से कॉल कर बताया गया कि दुल्हन के पेट में दर्द हो रहा है। इसलिए बारात को कुछ देर वहीं रोक दो। पूरी रात हमने गाड़ियों में ही बिताई। गुरुवार सुबह 8 बजे तक बारात गांव में गाड़ियों में ही बैठी रही। दुल्हन पक्ष के फोन का इंतजार करते रहे, लेकिन हमें कोई सूचना नहीं मिली। फिर पुलिस से जानकारी मिली कि लड़की घर से भाग गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि लड़की नाबालिग है, इसलिए शादी नहीं हो सकती। वह लौट भी आएगी, तब भी शादी नहीं कर पाओगे। इसके बाद बारात लेकर पाली लौट गए। दूल्हे के भाई ने कहा- लड़की को मेरा भाई पसंद नहीं था। वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। इसलिए शादी से पहले ही घर से भाग गई। दुल्हन के परिजनों ने हमें इस घटना की जानकारी नहीं दी। हमें इसका पुलिस से पता चला।


