राजस्थान की लेडी डॉक्टर भावना यादव (25) के मौत मामले में हिसार पुलिस ने आरोपी उदेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसे हिसार से ही पकड़ा गया है। उदेश को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां पुलिस उसका रिमांड हासिल करेगी। हिसार पुलिस की जांच के मुताबिक, जिस उदेश पर परिवार ने हत्या के आरोप लगाए हैं, उसका भावना से अफेयर था। दोनों कई सालों से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि इसी बीच भावना डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए फिलीपींस चली गई। जिसके बाद उदेश के परिवार ने उसकी शादी करा दी। हालांकि जब भावना फिलीपींस से लौटी तो फिर दोनों में मुलाकातें होती रहीं। भावना पहले भी कई बार हिसार की हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) आ चुकी थी। उदेश यहीं क्लर्क था। उदेश पर इसी यूनिवर्सिटी के कमरे में भावना को जलाकर हत्या करने का आरोप है। हालांकि अभी यह क्लियर नहीं हुआ कि भावना कैसे जली? लेकिन उदेश के परिवार का कहना है कि भावना ने खुद को आग लगाई। उन्होंने दोनों के बीच हुई मोबाइल चैट की डिटेल्स भी पुलिस को सौंपी है। सिलसिलेवार ढंग से पढ़ें लेडी डॉक्टर भावना केस में कब क्या हुआ… 21 अप्रैल को दिल्ली टेस्ट देने गई थी भावना
भावना ने 2023 में फिलीपींस से MBBS किया था। वह पीजी के लिए दिल्ली में DEMS से MCI परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह ऑनलाइन क्लास ले रही थी और हर सप्ताह वीकली टेस्ट देने जाती थी। 21 अप्रैल को भावना टेस्ट देने दिल्ली गई थी। 21 और 22 अप्रैल को भावना छोटी बहन के पास ही रुकी थी और टेस्ट दिया था। 23 अप्रैल को मां को कॉल कर कहा था- मैं 24 अप्रैल की सुबह घर आऊंगी। हालांकि वह घर नहीं पहुंची। 24 अप्रैल को उदेश ने मां को कॉल कर जलने की बात कही
24 अप्रैल को उदेश यादव नामक व्यक्ति ने भावना की मां गायत्री को कॉल किया। उसने बताया कि भावना जल गई है और हिसार के सोनी बर्न हॉस्पिटल में भर्ती है। कुछ देर बाद अस्पताल से भी वीडियो कॉल आया और बेटी की हालत दिखाई। मां को कहा गया कि उसकी बेटी की हालत काफी खराब है, जल्द आ जाओ। 24 अप्रैल को जयपुर अस्पताल में तोड़ा दम
वीडियो कॉल पर बेटी की हालत देखने के बाद उसकी मां गायत्री हिसार पहुंची। देखा कि भावना का चेहरा, पेट और घुटनों तक का हिस्सा बुरी तरह जला हुआ था, जबकि सिर के बाल और पीठ सुरक्षित थे। पेट पर धारदार हथियार से चोट के निशान भी थे। गायत्री ने, बेटी को रेफर करा कर जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 24 अप्रैल की रात ही उसने दम तोड़ दिया। 25 अप्रैल को जयपुर में दर्ज हुई जीरो FIR, हिसार भेजी गई
भावना की मौत के बाद उसकी मां गायत्री देवी ने जयपुर में हत्या का आरोप लगाते हुए वीडियो कॉल करने वाले उदेश के खिलाफ 25 अप्रैल को FIR दर्ज कराई। जयपुर के एसएमएस थाना पुलिस ने मामला हरियाणा के हिसार का होने की वजह से इसे जीरो FIR में दर्ज कर लिया। इसके साथ ही यह एफआई हिसार सिविल लाइंस पुलिस को भेज दी। 29 अप्रैल को CCTV फुटेज सामने आया, भावना के साथ दिखा उदेश
जयपुर में FIR दर्ज होने के बाद हिसार पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू की। पुलिस सोनी बर्न हॉस्पिटल पहुंची और 29 अप्रैल के CCTV फुटेज चेक किए। इसी फुटेज में उदेश चादर ओढ़े हुए भावना को अस्पताल में लाता दिखाई दिया। भावना जली हुई थी। पुलिस ने इस फुटेज के आधार पर उदेश की डिटेल निकलवाई। पता चला कि उदेश हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में क्लर्क है। 29 अप्रैल को उदेश के क्वार्टर से मिली पेट्रोल की बोतल
CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उदेश हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में स्थित क्वार्टर पहुंची। मगर, उदेश वहां नहीं मिला, वह फरार हो गया था। पुलिस को मौके से क्वार्टर से जांच के दौरान एक पेट्रोल की बोतल मिली। इसके अलावा जले हुए कपड़े भी मिले। पुलिस ने इन्हें सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया। 30 अप्रैल को एसपी और डीसी से मिले थे परिजन
डॉ. भावना के परिजन 30 अप्रैल को एसपी शशांक कुमार और डीसी से मिले थे। भावना की मां गायत्री देवी ने बेटी के न्याय की मांग की थी। गायत्री देवी भावना की फोटो हाथ में लेकर आई थी। वह करीब पांच से छह घंटे हिसार रुकी थी। वह डॉ. भावना के साथ हादसे वाले घटनास्थल पर भी गई थी। उन्होंने वहां जांच अधिकारी एसएचओ कविता से भी बात की थी। इसके बाद वह सिविल लाइन थाने में गई थी जहां उन्होंने अपने बयान पुलिस के समक्ष दर्ज करवाए थे। 1 मई को पुलिस का खुलासा, उदेश-भावना में था अफेयर
हिसार पुलिस ने 1 मई को इस मामले में खुलासा किया कि उदेश और भावना में अफेयर था। दोनों लंबे समय से एकदूसरे को जानते थे। उदेश शादीशुदा है और उसकी दो बहनों की राजस्थान में ही शादी हो रखी है। उदेश, भावना की ताऊ की लड़की चंचल का देवर लगता है। उदेश का चंचल के परिवार में आना-जाना था। उदेश के परिवार ने भी दोनों की बीच मोबाइल में हुई चैट की डिटेल्स भी सौंपी। पिता की 2001 में एक्सीडेंट में मौत हुई
भावना के पिता हेमंत यादव की 2001 में एक दुर्घटना में मौत हो गई। उस समय भावना 15 महीने की थी। छोटी बेटी शालू 3 महीने की पेट में थी। बेटियों के अच्छे भविष्य के लिए उनकी मां गायत्री देवी ने खुद पढ़ाई की और सरकारी नौकरी ली। भावना को फिलीपींस से MBBS करवाया। पढ़ाई में लाखों रुपए खर्च किए। ————————— लेडी डॉक्टर भावना के जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… हिसार में लेडी डॉक्टर की हत्या, मां का अल्टीमेटम:बोलीं- 48 घंटे में आरोपी नहीं पकड़ा तो भूख हड़ताल पर बैठूंगी, क्वार्टर खंगाला राजस्थान की लेडी डॉक्टर भावना यादव मर्डर केस में उनके परिजन बुधवार को हिसार के SP शशांक कुमार सावन से मिलने के लिए पहुंचे। यहां मां गायत्री बेटी की तस्वीर हाथ में लेकर भावुक हो गईं। परिवार यहां से पुलिस के साथ हिसार की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में उदेश के क्वार्टर भी पहुंचा। क्वार्टर से सबूत इकट्ठे किए गए। परिवार का आरोप है कि दूर के रिश्तेदार उदेश ने ही उसकी हत्या की है। (पूरी खबर पढ़ें) हिसार में लेडी डॉक्टर का हत्यारा शादीशुदा:चचेरी बहन का देवर, 6 साल पहले क्लर्क लगा; मां बोली- भावना कह रही थी मम्मी बचा लो राजस्थान की लेडी डॉक्टर भावना यादव (25) की हत्या का आरोपी उदेश यादव हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कंट्रोलर रूम में क्लर्क है। वह 2019 में भर्ती हुआ था। उसने यूनिवर्सिटी के बाहर क्वार्टर भी लिया हुआ है। उसकी शादी हो चुकी है। पिता गांव में ही 5 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। उसकी दोनों बहनों की राजस्थान में ही शादी हो रखी है। उदेश, भावना की ताऊ की लड़की चंचल का देवर लगता है। उदेश का चंचल के परिवार में आना-जाना था। (पूरी खबर पढ़ें)


