भास्कर न्यूज | अमृतसर एकता और करुणा के एक मार्मिक प्रदर्शन में ईसाई समुदाय ने डायोसिस ऑफ अमृतसर डीओए चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया सीएनआई के बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। पहलगाम नरसंहार पीडितों को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए एक कैंडल मार्च निकाला गया। कोर्ट रोड स्थित सेंट पॉल चर्च से शुरू हुआ कैंडल मार्च शहर की प्रमुख सड़कों से गुज़रा और शांति, एकता का संदेश फैलाया। द राइट रेवरेंड मनोज चरन बिशप, डायोसिस ऑफ़ अमृतसर चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया की अध्यक्षता में निकाले कैंडल मार्च में मसीह भाईचारे के कई लोग पहुंचे। ‘डायोसिस ने पहलगाम आतंकवादी हमले में क्रूरता पूर्वक मारे 26 निर्दोष लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। बिशप मनोज चरन ने कहा कि हम पीडितों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके प्रियजनों के साथ एकजुटता में खड़े हैं। प्रभु उन्हें इस गहरे नुकसान से उबरने की शक्ति और सांत्वना प्रदान करें। उन्होंने विभिन्न पहलुओं के माध्यम से शांति, करुणा और एकता को बढ़ावा देने के लिए डायोसिस की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस कैंडल मार्च में डायोसिस के पादरियों, पदाधिकारियों और क्राइस्ट चर्च कैथेड्रल, सेंट पॉल चर्च और एपिफेनी चर्च और गावों में डायोसिस की मंडलियां शामिल हुई।


