कोंडागांव में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मणि कंचन केन्द्र में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। जहां श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सभी नागरिकों को कानून के समक्ष समान अधिकार प्राप्त हैं। श्रमिकों के शोषण को रोकने के लिए संविधान में विशेष प्रावधान किए गए हैं। वहीं, जिले के मुरारीपारा बड़ेबेंदरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शैक्षणिक सत्र 2024-25 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कक्षा पांचवीं की छात्रा वंदना मरकाम को ईयर ऑफ बेस्ट स्टूडेंट चुना गया। मानकू फागेश्वरी कश्यप को बेस्ट पालक का सम्मान मिला। विशेष विधिक जागरूकता शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शिविर लगाया गया। जहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल और प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय ने श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के लिए कार्य घंटे, न्यूनतम मजदूरी और सुरक्षित कार्यस्थल की व्यवस्था संविधान में की गई है। इन नियमों के उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है। प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट ने बाल श्रम के खिलाफ जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना अपराध है। कार्यक्रम में श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी वाली पुस्तक भी वितरित की गई। प्राथमिक शाला मुरारीपारा में वार्षिक समारोह समारोह में मानकू फागेश्वरी कश्यप को बेस्ट पालक का सम्मान मिला। उन्होंने वर्षभर में तीन बार नेवता भोज का आयोजन किया। हर्षवर्धन कश्यप को बेस्ट खिलाड़ी और सविता नेताम को बेस्ट सांस्कृतिक प्रमुख चुना गया। विभिन्न कक्षाओं के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कक्षा पहली में शौर्य नेताम, कक्षा दूसरी में वारिधि नाग, कक्षा तीसरी में सदैव गवर्ना, कक्षा चौथी में ओबिना बघेल और कक्षा पांचवीं में वंदना मरकाम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि फागेश्वरी कश्यप ने बच्चों की प्रगति में पालकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि मानकू राम कश्यप ने विद्यालय की शैक्षणिक, सामाजिक और नैतिक मूल्यों की शिक्षा की सराहना की।कार्यक्रम में माँ दंतेश्वरी गायत्री महिला स्व सहायता समूह ने सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की।


