कोरबा जिले के पाली ब्लॉक स्थित ग्राम बोईदा में अक्ती तिहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सुख-शांति और अच्छी फसल की कामना की। गांव में भक्ति दिवस के अगले दिन सभी ग्रामीण एकजुट होकर ठाकुर देव सहित अन्य ग्राम देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। बैगा उदय सिंह मरावी और बलदेव जगत हर साल सभी ग्रामीणों के साथ मिलकर ठाकुर देव को चल्होत्तरी चढ़ाते हैं। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं ने खेतों में बीज बोने की प्रतीकात्मक रस्म ‘अक्ती बियासी’ भी निभाई। यह रिवाज वर्षा ऋतु की तैयारी का संकेत है। ग्रामीणों के अनुसार यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि गांव की एकता और सामूहिकता को भी दर्शाता है। सुबह से ही गांव में उत्साह का माहौल था। ग्रामीण परंपरागत विधि से ठाकुर देव स्थल पर पहुंचे। गांव के बुजुर्गों और बैगा ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। बैगा उदय सिंह मरावी ने बताया कि गांव की यह विशेष परंपरा भुखमरी, बीमारी और अन्य परेशानियों से बचाव के लिए की जाती है। बैगा बलदेव जगत के अनुसार इस त्योहार के लिए गांव में पहले से तैयारियां की जाती हैं। पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।


