हिमाचल CM से BJP ने मांगा इस्तीफा:रणधीर बोले- सरकार से जनता, पार्टी वर्कर, विधायक-मंत्री सब परेशान, कांग्रेस वर्करों ने कल बिलासपुर में बताई सच्चाई

हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से त्यागपत्र मांगा है। उन्होंने कहा, बीते कल बिलासपुर कांग्रेस की मीटिंग में जिस तरह पार्टी वर्कर ने सरकार को निशाने पर लिया है, उस सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। रणधीर शर्मा ने कहा, जिस सरकार से आम जनता, पार्टी वर्कर, नेता, विधायक और मंत्री नाराज हो, उस सरकार के मुखिया को प्रदेश हित में अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, ताकि प्रदेश आगे बढ़ सके। BJP प्रवक्ता ने कहा, बिलासपुर में कांग्रेस का संविधान बचाओं कार्यक्रम था। मगर इसमें न तो संविधान को लेकर चर्चा हुई, न संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर पर किसी ने बोला और न ही किसी ने पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा की। इस मीटिंग में कांग्रेस वर्करों ने सुक्खू सरकार, कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस हाईकमान को निशाने पर लिया है। रणधीर शर्मा ने कहा, कांग्रेस वर्करों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़े किए। प्रदेश में संगठन न होने के आरोप लगाए और जिलाध्यक्ष नहीं होने की बात कही। संगठन पूरी तरह निष्क्रिय होने की बात कही। सरकार पर भी कई आरोप लगाकर कटघड़े में खड़ा किया। मित्र मंडली पर लुटाया जा रहा सरकारी खजाना: रणधीर रणधीर ने कहा, कार्यकर्ता कहते सुने गए कि विकास कार्य के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है, लेकिन मित्र मंडली की इस सरकार में खूब मौज है। मुख्यमंत्री खुद मुंबई व कर्नाटक बैंगलोर हेलिकॉप्टर लेकर पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा, इस सरकार में विकास के काम जरूर बंद है। मगर मित्र मंडली के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, ओएसडी तथा कैबिनेट रैंक वाली नियुक्तियों पर सरकारी खजाना खूब लुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्कर इतना मायूस है कि उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से भी इस्तीफा मांग लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू से उनके मंत्री तक खुश नहीं है। बीते दिनों शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का हैरान करने वाला बयान आता है, जिसमे वह कहते हैं कि शिक्षकों की ट्रांसफर की उन्हें जानकारी नहीं थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *