छत्तीसगढ़ के कोरबा में बांकी मोंगरा नगर पालिका में निर्माण कार्यों की देरी को लेकर विपक्षी दल के पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की है। नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) की अनुपस्थिति में पार्षदों ने आरआई अजीत क्षत्रिय और अधिकारी मेहता को ज्ञापन सौंपा। विपक्ष के नेता मधुसूदन दास, पार्षद तेजप्रताप सिंह और नवीन कुकरेजा सहित अन्य पार्षदों ने स्वीकृत निर्माण कार्यों को 7 दिन के भीतर शुरू करने की मांग की है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। पार्षदों ने आरोप लगाया है कि पालिका जनहित से जुड़े कार्यों में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। पार्षदों का कहना है कि कार्य शुरू होने से पहले उन्हें सूचित किया जाए। जनहित के कार्यों में कोई रुचि नहीं दिखा रहे निगम अधिकारी नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि एक महीने से कार्य शुरू न होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैर-जरूरी कामों को प्राथमिकता दी जा रही है। जबकि जनहित के कार्यों में कोई रुचि नहीं दिखाई जा रही है। पार्षद तेजप्रताप और नवीन कुकरेजा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा है। लेकिन पालिका इन समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ भूमि पूजन से काम नहीं चलेगा, कार्य भी शुरू होने चाहिए। विपक्षी पार्षदों ने चेतावनी दी है कि अगर 7 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो वे नगर पालिका कार्यालय की तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।


